जालौन

मुख्यमंत्री डैशबोर्ड में चमका जालौन

प्रदेश में छठा और विकास कार्यों में बना नंबर-वन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
जालौन जनपद ने उत्तर प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं को प्रभावी तरीके से जमीन पर उतारते हुए एक बार फिर प्रशासनिक कार्यकुशलता का शानदार उदाहरण पेश किया है। मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की ताजा रैंकिंग में जालौन ने प्रदेश स्तर पर छठा स्थान हासिल किया है, जबकि झांसी मंडल में जनपद पहले स्थान पर रहा। सबसे उल्लेखनीय उपलब्धि यह रही कि विकास कार्यों के निष्पादन में जालौन पूरे प्रदेश में शीर्ष स्थान पर पहुंच गया। वहीं राजस्व संबंधी कार्यों में जनपद ने 12वीं रैंक प्राप्त की है।
इस उपलब्धि पर जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने इसे मुख्यमंत्री के स्पष्ट दृष्टिकोण, सुशासन की पारदर्शी व्यवस्था और डैशबोर्ड के माध्यम से होने वाली नियमित समीक्षा का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप योजनाओं को निर्धारित लक्ष्य के साथ लागू किया गया और लंबित मामलों की सतत निगरानी रखी गई। राजस्व मामलों के समयबद्ध निस्तारण, जनशिकायतों के त्वरित समाधान और विकास योजनाओं के गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन ने जनपद को यह सफलता दिलाई है।
इसके साथ ही जनशिकायत निवारण प्रणाली आईजीआरएस में भी जालौन का प्रदर्शन सराहनीय रहा है, जहां जनपद ने प्रदेश में छठा स्थान प्राप्त किया। खास बात यह रही कि तहसील कोंच ने उत्कृष्ट कार्यशैली का परिचय देते हुए शिकायतों के त्वरित और संतोषजनक निस्तारण के आधार पर प्रदेश में पुनः प्रथम स्थान हासिल किया।
जिलाधिकारी ने बताया कि आईजीआरएस के तहत प्राप्त प्रत्येक शिकायत को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उसका समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया गया। तहसील कोंच द्वारा शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद, मौके पर कार्रवाई और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण की नीति अपनाई गई, जो इस सफलता की मुख्य वजह रही। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि अन्य तहसीलों के लिए प्रेरणादायक साबित होगी।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जनपद प्रशासन आगे भी मुख्यमंत्री डैशबोर्ड और आईजीआरएस को सर्वोच्च प्राथमिकता में रखते हुए जवाबदेही सुनिश्चित करेगा तथा शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए ठोस रणनीति के साथ लगातार प्रयास जारी रखेगा।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button