
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
महागामा। पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार ने महागामा प्रभाग अंतर्गत पुलिस निरीक्षक कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय के दैनिक कार्यों, लंबित कांडों तथा निष्पादित मामलों की गहन समीक्षा की। पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण एवं समग्र कार्यप्रणाली का बारीकी से जायजा लिया। इस क्रम में उन्होंने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सभी कांडों का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। आम जनता से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने पुलिस पदाधिकारियों को अनुशासन, जवाबदेही और जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। साथ ही पुलिस और आम जनता के बीच संवाद को और अधिक मजबूत करने पर विशेष बल दिया। अवसर पर महागामा एसडीपीओ चंद्रशेखर आजाद, पुलिस निरीक्षक उपेंद्र कुमार महतो सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे। पुलिस अधीक्षक के इस औचक निरीक्षण से महागामा प्रभाग में प्रशासनिक सक्रियता और सख्ती का स्पष्ट संदेश गया है, जिससे पुलिस महकमे में कार्यों को लेकर नई ऊर्जा और जिम्मेदारी की भावना का संचार हुआ है।



