मथुरा

खुदाई से कटी पीएनजी लाइन

धमाके के साथ गैस रिसाव से फैली दहशत

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। महोली रोड पर जनकपुरी के सीडीएस नगर में सबमर्सिबल ठीक करने के लिए जेसीबी से हो रही खुदाई के दौरान टोरंट कंपनी की पीएनजी लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। चंद सेकंडों में तेज धमाका हुआ और तेजी से पीएनजी गैस का रिसाव होने लगा। धमाके की आवाज सुनकर लोगों में दहशत फैल गई। अग्निशमन दल ने करीब एक आधे घंटे बाद गैस रिसाव पर काबू पाया। प्रत्यक्षदर्शी विनोद कुमार शर्मा ने बताया कि सोमवार रात आठ बजे सीडीएस नगर निवासी एक व्यक्ति सबमर्सिबल ठीक कराने के लिए अपने घर के बार जेसीबी से खुदाई करा रहा था। जैसे ही पीएनजी लाइन क्षतिग्रस्त हुई तेज धमाका हुआ। आधे घंटे तक पीएनजी लाइन से गैस का रिसाव होता रहा। खुदाई कर रही जेसीबी का चालक वहां से जेसीबी लेकर भाग गया। आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोगों में अफरातफरी का माहौल बन गया। भोजनालय, मिष्ठान भंडार आदि दुकानों पर जल रहीं भट्टियों को दुकानदारों ने बुझा दिया। थोड़ी देर में पुलिस व अग्निशमन विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने टोरंटो के अधिकारियों से फोन कर पीएनजी लाइन की सप्लाई बंद कराई। थोड़ी देर बाद टोरंटो की टीम भी मौके पर पहुंच गई। इसके बाद लाइन को दुरुस्त कराई, तक जाकर लोगों ने राहत की सांस ली। सीएफओ अरुण कुमार ने बताया कि घटना स्थल पर अग्निशमन की दो गाड़ियां भेजी गईं थीं, हालांकि आग की घटना नहीं हुई है। प्रत्यक्षदर्शी रमेश दिवाकर ने बताया कि गैस रिसाव के दौरान स्थानीय लोगों ने सूझबूझ से मार्ग पर ईंटें डाल दीं और वाहनों का आवागमन रोक दिया। घटनास्थल से मार्ग के दोनों ओर 500-500 मीटर पर ईंटें लगा दीं। घटना के दौरान करीब दो घंटे तक यातायात ठप रहा। गैस लाइन दुरुस्त होने के बाद ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद जाम को खुलवाया। संजीव कुमार सिंह, जिलापूर्ति अधिकारी ने कहा, टोरंटों कंपनी को इस घटना से कितनी क्षति हुई है, इसका आंकलन किया जाएगा। साथ ही क्षतिपूर्ति कराई जाएगी और बिना अनुमति के गड्ढा खुदवाने वाले के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button