रांची

झारखंड में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 16 आईएएस अधिकारियों का तबादला, कई अहम विभागों में बदलाव

Jharkhand undergoes major administrative reshuffle, with 16 IAS officers transferred and several key departments reshuffled.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
रांची। झारखंड सरकार ने बुधवार को राज्य प्रशासन में व्यापक फेरबदल करते हुए 16 आईएएस अधिकारियों का तबादला कर दिया। कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के तहत सचिव स्तर से लेकर प्रमंडलीय आयुक्त तक कई महत्वपूर्ण पदों पर नई नियुक्तियां की गई हैं। सभी अधिकारियों को शीघ्र ही अपने-अपने नए पदों पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है। अधिसूचना के अनुसार, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग में अपर मुख्य सचिव के पद पर कार्यरत मस्तराम मीणा को अगले आदेश तक राजस्व परिषद का सदस्य बनाया गया है। वहीं, लगभग चार महीने बाद राज्य को नया ऊर्जा सचिव मिला है। ग्रामीण विकास विभाग के सचिव के. श्रीनिवासन को ऊर्जा विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही उन्हें झारखंड ऊर्जा विकास निगम (JUVNL) का सीएमडी और जेबीवीएनएल (JBVNL) का एमडी का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। उल्लेखनीय है कि अविनाश कुमार के मुख्य सचिव बनने के बाद एक अक्टूबर से ऊर्जा सचिव का पद रिक्त था। ग्रामीण विकास विभाग में भी अहम बदलाव किया गया है। के. श्रीनिवासन की जगह पर्यटन, कला संस्कृति और खेलकूद विभाग के सचिव मनोज कुमार को ग्रामीण विकास विभाग का नया सचिव बनाया गया है। मनोज कुमार के पास पहले से पंचायती राज विभाग का अतिरिक्त प्रभार था, जिसे बरकरार रखा गया है। सूत्रों के अनुसार, विभागीय मंत्री दीपिका पांडेय सिंह और पूर्व सचिव के बीच सामंजस्य की कमी के कारण यह बदलाव लंबे समय से प्रस्तावित था। अन्य प्रमुख बदलावों में राजेश कुमार शर्मा को आपदा प्रबंधन विभाग से खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग में सचिव बनाया गया है। परिवहन विभाग की सचिव विप्रा भाल को आपदा प्रबंधन विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। राजीव रंजन को राजस्व परिषद के अपर सदस्य से परिवहन विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है। महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग में भी बदलाव हुआ है। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव उमाशंकर सिंह को इस विभाग का नया सचिव बनाया गया है। वहीं, इसी विभाग के सचिव मनोज कुमार को दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल का प्रमंडलीय आयुक्त नियुक्त किया गया है, साथ ही उन्हें उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। वित्त विभाग के सचिव (व्यय) अबु इमरान को पेयजल एवं स्वच्छता विभाग का सचिव बनाया गया है। विशेष सचिव, वित्त विभाग संदीप कुमार सिंह को श्रमायुक्त की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि पूर्व श्रमायुक्त रवि रंजन विक्रम को कोल्हान प्रमंडल, चाईबासा का प्रमंडलीय आयुक्त नियुक्त किया गया है। इसके अलावा, सदस्य सचिव, झारखंड राज्य खाद आयोग संजय कुमार को संथाल परगना प्रमंडल, दुमका का प्रमंडलीय आयुक्त बनाया गया है। निदेशक, अर्थ एवं सांख्यिकी कुमुद सहाय को पलामू प्रमंडल, मेदिनीनगर का प्रमंडलीय आयुक्त नियुक्त किया गया है। विशेष सचिव, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग घोलप रमेश गोरख को नागरिक सुरक्षा आयुक्त बनाया गया है। निबंधक, सहकारिता समितियां शशि रंजन को पेयजल एवं स्वच्छता विभाग में अपर सचिव के पद पर पदस्थापित किया गया है। वहीं, योजना एवं विकास विभाग के सचिव मुकेश कुमार को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इस व्यापक प्रशासनिक फेरबदल को राज्य सरकार की कार्यप्रणाली में गति और समन्वय बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button