बालाघाट

नक्सलवाद से मुक्त बालाघाट के 100 गांवों में विकास का महाअभियान

330 करोड़ की कार्ययोजना तैयार

266 करोड़ के कार्य स्वीकृत, सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार पर रहेगा फोकस; पीआईबी और जिला प्रशासन की मीडिया कार्यशाला में सामने आया विकास का रोडमैप

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 

बालाघाट नक्सलवाद से प्रभावित रहे बालाघाट जिले के क्षेत्रों में अब विकास को नई गति देने की तैयारी है। नक्सल गतिविधियों के समाप्त होने के बाद शासन का फोकस अब उन गांवों तक बुनियादी सुविधाएं और विकास योजनाएं पहुंचाने पर है, जो लंबे समय तक नक्सल प्रभाव के कारण विकास की मुख्यधारा से अपेक्षाकृत दूर रहे। इसी उद्देश्य से सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो (पीआईबी), भोपाल और जिला प्रशासन बालाघाट के संयुक्त तत्वावधान में मीडिया कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें नक्सलवाद के खात्मे, सुरक्षा अभियानों, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और भविष्य की विकास योजनाओं पर विस्तार से जानकारी दी गई।

कार्यशाला में पुलिस उप महानिरीक्षक विनीत जैन, कलेक्टर आदित्य सिंह, पुलिस अधीक्षक मलय जैन, सहायक पुलिस महानिरीक्षक (हॉक फोर्स) रवि द्विवेदी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश भार्गव, पीआईबी निदेशक मनीष गौतम सहित मीडिया प्रतिनिधि, प्रभावित क्षेत्रों के सरपंच और युवा उपस्थित रहे।

1239 सुरक्षा अभियानों के बाद नक्सलवाद का अंत

पुलिस उप महानिरीक्षक विनीत जैन ने बताया कि मार्च 2026 तक नक्सलवाद के खात्मे के उद्देश्य से जिले में पुलिस एवं सुरक्षा बलों द्वारा कुल 1239 अभियान चलाए गए। उन्होंने बताया कि 14 जून 2025 को पचामा-दादर की पहाड़ियों में हुई मुठभेड़ में चार नक्सली मारे गए थे। वहीं, 11 दिसंबर 2025 को दो नक्सलियों के आत्मसमर्पण के साथ जिले में नक्सलवाद का खात्मा हुआ।

उन्होंने बताया कि बीते 35 वर्षों में नक्सली हिंसा के कारण 57 आम नागरिकों की जान गई। जिले के 483 गांव नक्सल प्रभावित रहे, जिनमें 163 गांव अति प्रभावित श्रेणी में शामिल थे।

337 करोड़ से सड़क-पुल निर्माण, 250 गांवों की कनेक्टिविटी में सुधार

डीआईजी ने बताया कि पिछले पांच वर्षों में 337 करोड़ रुपये की लागत से 35 सड़क और 43 पुल-पुलिया निर्माण कार्य कराए गए हैं। इनमें 241 करोड़ रुपये के 38 कार्य पूर्ण हो चुके हैं। इन कार्यों से लगभग 250 नक्सल प्रभावित गांवों का सड़क संपर्क बेहतर हुआ है।

संचार सुविधाओं के विस्तार के लिए 90 मोबाइल टावर लगाए जा रहे हैं। ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए 858 जन चौपाल आयोजित की गईं, जबकि आवश्यक दस्तावेज तैयार कराने के लिए 46 एकल सुविधा केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। विद्यांजलि योजना के अंतर्गत 250 स्कूलों में सुधार कार्य तथा सामुदायिक पुलिसिंग के तहत 1295 कैंप आयोजित किए गए हैं।

मिशन आदि सेवा: 100 गांवों के विकास पर 330 करोड़ रुपये खर्च करने की योजना

कलेक्टर आदित्य सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार नक्सल प्रभावित रहे 100 गांवों के समग्र विकास के लिए 15 से अधिक विभागों के समन्वय से 330 करोड़ रुपये की कार्ययोजना तैयार की गई है। इसमें से 266 करोड़ रुपये के कार्य स्वीकृत हो चुके हैं।

‘मिशन आदि सेवा’ के तहत सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, रोजगार और 4G-5G कनेक्टिविटी जैसी बुनियादी सुविधाओं को गांवों के अंतिम छोर तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। कार्ययोजना का उद्देश्य प्रभावित क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना और ग्रामीणों के जीवन स्तर में सुधार लाना है।

बैगा-गोंड संस्कृति और पर्यटन से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर

कलेक्टर ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में स्थानीय रोजगार और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के साथ पर्यटन को भी आर्थिक गतिविधियों का महत्वपूर्ण माध्यम बनाया जाएगा। बैगा एवं गोंड जनजातियों की सांस्कृतिक विरासत को पर्यटन से जोड़ने की योजना है। इसके लिए सांस्कृतिक पार्क, आर्ट गैलरी, बैगा हाट और होम-स्टे को प्रोत्साहित किया जाएगा।

स्थानीय हस्तशिल्प, बांस शिल्प, रेशम, गोंड पेंटिंग और अन्य पारंपरिक उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के लिए ई-मार्केटप्लेस विकसित करने की भी योजना है। इससे स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार मिलने के साथ ग्रामीणों की आय बढ़ाने के अवसर पैदा हो सकते हैं।

GIS तकनीक से होगी विकास कार्यों की निगरानी

प्रभावित गांवों में चल रहे विकास कार्यों की निगरानी के लिए GIS तकनीक का उपयोग किया जा रहा है। नागरिकों को उनकी पात्रता के अनुसार विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए पोर्टल तैयार किया जा रहा है। वहीं, प्रत्येक गांव में पलायन की स्थिति का आकलन करने और स्थानीय रोजगार की संभावनाओं को समझने के लिए पलायन पंजी तैयार की जा रही है।

तीन दशक से अधिक समय तक बड़ी चुनौती रहा नक्सलवाद : एसपी

पुलिस अधीक्षक मलय जैन ने कहा कि तीन दशकों से अधिक समय तक नक्सलवाद बालाघाट जिले के लिए बड़ी चुनौती बना रहा। इस दौरान सुरक्षा बलों के जवानों ने शहादत दी और जिले का बड़ा हिस्सा विकास की गति से प्रभावित रहा। अब नक्सलवाद के खात्मे के बाद विभिन्न विभागों के समन्वय से इन क्षेत्रों में विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा।

नक्सल प्रभाव ने सीमित की ग्रामीणों की स्वतंत्रता : एएसपी

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश भार्गव ने कहा कि संविधान का अनुच्छेद 19 नागरिकों को आवागमन, निवास और व्यवसाय सहित विभिन्न स्वतंत्रताएं प्रदान करता है, लेकिन नक्सलवाद के प्रभाव के कारण प्रभावित क्षेत्रों के लोगों के लिए इन अधिकारों का स्वतंत्र रूप से उपयोग करना कठिन हो गया था। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र की सीमा से लगे घने जंगलों वाले इस क्षेत्र में पुलिस एवं सुरक्षा बलों ने कठिन परिस्थितियों में अभियान चलाकर नक्सलवाद के खात्मे में सफलता हासिल की। उन्होंने अभियानों के दौरान जवानों के सामने आई चुनौतियों और कठिनाइयों की जानकारी भी दी।

विकास की संभावनाओं पर संवाद के लिए मीडिया कार्यशाला : पीआईबी निदेशक

पीआईबी निदेशक मनीष गौतम ने कहा कि देश के सभी राज्यों से नक्सलवाद समाप्त हो चुका है और मध्यप्रदेश में बालाघाट जिला इससे सर्वाधिक प्रभावित रहा है। नक्सलवाद के खात्मे के बाद प्रभावित क्षेत्रों में विकास की संभावनाओं, सरकारी योजनाओं की पहुंच और जमीनी बदलावों पर संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से कार्यशाला आयोजित की गई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मीडिया के सुझावों से विकास संबंधी प्रयासों को और प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।

भय के माहौल से बाहर आ रहे ग्रामीण, गांवों में बढ़ा सुरक्षा का एहसास

कार्यशाला में ग्राम चुक्काटोला के जनपद सदस्य रामा मरकाम ने कहा कि नक्सलवाद के खात्मे के बाद ग्रामीणों का जीवन पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित हुआ है और गांवों में शांति का माहौल महसूस किया जा रहा है। ग्राम पंचायत पाथरी की सरपंच नेहा धुर्वे ने बताया कि पहले शाम के बाद आवागमन को लेकर भय बना रहता था, लेकिन अब ग्रामीण स्वयं को अधिक सुरक्षित और स्वतंत्र महसूस कर रहे हैं।

वहीं, ग्राम बिठली की युवा बालिकाओं ने बताया कि नक्सलवाद के खात्मे के बाद गांव में सुविधाओं का विस्तार हो रहा है और शासन की योजनाओं का लाभ भी पहले की अपेक्षा बेहतर तरीके से पहुंच रहा है। कार्यशाला के दौरान मीडिया प्रतिनिधियों ने भी प्रभावित क्षेत्रों में विकास, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को लेकर अपने सुझाव साझा किए।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button