गोड्डा
जल जीवन मिशन के तहत वृहद ग्रामीण पेयजलापूर्ति योजना की विस्तृत समीक्षा

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
गोड्डा। जल जीवन मिशन के अंतर्गत जिले में संचालित वृहद ग्रामीण पेयजलापूर्ति योजनाओं की प्रगति का आकलन करने हेतु अभियंता प्रमुख निरंजन कुमार एवं मुख्य अभियंता (PMU) मो० रियाज आलम द्वारा पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, गोड्डा में विस्तृत समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में अधीक्षक अभियंता, अंचल देवघर अरविंद मुर्मू, कार्यपालक अभियंता पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल गोड्डा संजय कुमार शर्मा, सहायक अभियंता प्रशान्त कुमार, सभी संबंधित कनीय अभियंता, विभागीय कर्मी एवं कार्यकारी एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे। समीक्षा के दौरान प्रखंडवार योजनाओं की प्रगति, निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति, लक्ष्य के अनुरूप उपलब्धि तथा कार्य में आ रही चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं तथा गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए। विशेष रूप से जल शोधन संयंत्र (WTP), इनटेक वेल, ओवरहेड जलाशय (ESR), पाइपलाइन बिछाने सहित अन्य अवसंरचनात्मक कार्यों में उच्च गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित करने पर बल दिया गया। साथ ही कार्यस्थलों पर सुरक्षा मानकों का पालन, नियमित निगरानी एवं तकनीकी परीक्षण सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया गया। बैठक के उपरांत अधिकारियों द्वारा क्षेत्र भ्रमण किया गया। इस क्रम में सर्वप्रथम पोड़ैयाहाट प्रखंड अंतर्गत निर्माणाधीन जल शोधन संयंत्र (WTP) का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कार्य की गुणवत्ता, निर्माण की प्रगति तथा तकनीकी मानकों के अनुपालन का गहन अवलोकन किया गया। अधिकारियों ने मौके पर उपस्थित अभियंताओं एवं एजेंसी को कार्य में तेजी लाने एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। अधिकारियों ने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत प्रत्येक ग्रामीण परिवार को सुरक्षित एवं शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस दिशा में सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं एजेंसियों को समन्वय स्थापित कर कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण करने की आवश्यकता है, ताकि आमजन को शीघ्र इसका लाभ मिल सके। निरीक्षण के दौरान कार्यपालक अभियंता संजय कुमार शर्मा, जिला कार्यालय के प्रधान लिपिक ज्योतिष कुमार, लिपिक मिर्जा वसी हसन, सभी कनीय अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल गोड्डा के कर्मी, जिला समन्वयक (IEC, SLWM एवं MIS) तथा संबंधित कार्यकारी एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।



