
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। ग्राम महुपानी स्थित शासकीय विद्यालय में संत शिरोमणि गुरु रविदास की जयंती के अवसर पर जागरूकता एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम समाजसेवी श्रीमती हेमा सिंह चौहान, जिला अध्यक्ष जय हिंद सेवा संघ, राजपूत समाज अखंड भारत एवं मां शारदा सहायता समिति के मार्गदर्शन में गरिमामय एवं उद्देश्यपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को संत रविदास जी के जीवन दर्शन से परिचित कराते हुए उनके द्वारा दिए गए समानता, मानवता, सामाजिक समरसता एवं भेदभाव-मुक्त समाज के संदेशों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। श्रीमती हेमा सिंह चौहान ने संत रविदास जी के सुप्रसिद्ध विचार “मन चंगा तो कठौती में गंगा” के माध्यम से बच्चों को अच्छे आचरण, सद्भावना, नैतिक मूल्यों और सकारात्मक सोच को जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर समाजोपयोगी विषयों पर भी सार्थक चर्चा की गई। कार्यक्रम में रक्तदान महादान, थैलेसीमिया एवं सिकलसेल रोग के प्रति जागरूकता, हर घर गाय, हर घर तुलसी का पौधा लगाने, तथा प्रकृति एवं पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को विद्यार्थियों के समक्ष सरल भाषा में रखा गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने हर घर तुलसी का पौधा लगाने एवं प्रकृति संरक्षण का संकल्प भी लिया।
कार्यक्रम में प्रिया पाल, बाली चौहान, मानसिंह, राकेश मालवी, सीमा वट्टी, दीनदयाल यादव एवं लक्ष्मी कावड़े सहित अन्य गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही। विद्यालय परिवार एवं ग्रामीणजनों ने इस आयोजन को विद्यार्थियों के नैतिक, सामाजिक एवं वैचारिक विकास के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।




