गाजियाबाद

तिलक समारोह में चली गोली

सोनीपत निवासी के पेट में लगी गोली, हालत  चिंताजनक 

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : गाजियाबाद के ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र के सुंगरपुर पचायरा गांव में तिलक समारोह की खुशियां उस वक्त मातम और दहशत में बदल गईं, जब देर रात हर्ष फायरिंग के दौरान एक मेहमान गोली लगने से घायल हो गया। घायल का दिल्ली के अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस ने अज्ञात शख्स के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सगाई कार्यक्रम के दौरान मची अफरातफरी
घटना 17 फरवरी 2026 की रात की है। सुंगरपुर गांव में सुलखे के बेटे विनय का तिलक (लगन सगाई) समारोह आयोजित था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में रिश्तेदार और मेहमान शामिल हुए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दावत के बीच अचानक गोली चलने की आवाज गूंजी, जिससे मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। थोड़ी ही देर में पता चला कि एक व्यक्ति को गोली लग गई है।
पेट में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल
गोली हरियाणा के सोनीपत निवासी 40 वर्षीय कैलाश के पेट में लगी। आनन-फानन में उन्हें लोनी के 50 बेड वाले सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें दिल्ली के गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल रेफर कर दिया।
निजी अस्पताल में चल रहा इलाज
परिवार के सदस्यों ने बताया कि फिलहाल कैलाश का उपचार दिल्ली के पीरागढ़ी स्थित पार्क अस्पताल में किया जा रहा है। डॉक्टर उनकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखे हुए हैं। इस मामले में ट्रोनिका सिटी थाने में तैनात उपनिरीक्षक राहुल तोमर की तहरीर पर गुरुवार को अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
हर्ष फायरिंग की प्रथा पर फिर उठे सवाल
एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम के अनुसार, घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है। समारोह में मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है और जल्द ही आरोपी की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी। इस घटना के बाद एक बार फिर शादी-ब्याह में होने वाली हर्ष फायरिंग की खतरनाक परंपरा पर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऐसे अवैध और जानलेवा कृत्यों से दूर रहें, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button