
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं को लेकर डासना जिला कारागार में व्यापक इंतजाम किए गए हैं। जेल अधीक्षक सीताराम शर्मा के अनुसार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के पांच जनपद—गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, मेरठ, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर—के बंदियों के लिए डासना जेल को परीक्षा केंद्र निर्धारित किया गया है। सभी परीक्षाएं जेल परिसर के भीतर ही आयोजित होंगी और किसी भी बंदी को बाहर नहीं ले जाया जाएगा।
इस साल कुल 63 बंदी बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे। इनमें 20 परीक्षार्थी हाईस्कूल और 43 इंटरमीडिएट की परीक्षा देंगे। परीक्षा की तैयारी के लिए सभी बंदियों को पाठ्यक्रम और आवश्यक पुस्तकें उपलब्ध कराई गई हैं। साथ ही जेल की लाइब्रेरी में भी पढ़ाई की समुचित व्यवस्था की गई है, जहां परीक्षार्थी नियमित अध्ययन कर रहे हैं।
इंटरमीडिएट परीक्षा में भागीदारी
इंटरमीडिएट परीक्षा में गाजियाबाद जेल के 15, गौतमबुद्धनगर के 14, मेरठ के 6, सहारनपुर के 3 और मुजफ्फरनगर के 1 बंदी शामिल होंगे। इसके अतिरिक्त गाजियाबाद से रिहा हो चुके 5 पूर्व बंदी भी परीक्षा में बैठेंगे।
हाईस्कूल परीक्षा में शामिल बंदी
हाईस्कूल परीक्षा के लिए गाजियाबाद के 4, गौतमबुद्धनगर के 6, मेरठ के 3, सहारनपुर के 5 और मुजफ्फरनगर के 1 बंदी पंजीकृत हैं। एक रिहा बंदी भी हाईस्कूल परीक्षा देगा।
परीक्षा केंद्र के नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी जेल अधीक्षक को सौंपी गई है। बोर्ड द्वारा नियुक्त शिक्षक और इंडिया विजन फाउंडेशन की टीम बंदियों को शैक्षणिक सहयोग प्रदान कर रही है। जेल प्रशासन का मानना है कि शिक्षा बंदियों के पुनर्वास और जीवन में सकारात्मक बदलाव का महत्वपूर्ण माध्यम बन सकती है।

