हापुड़

सांसद अरुण गोविल ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से हापुड़ जंक्शन पर सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेनों के स्थायी ठहराव की मांग की

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

हापुड । मेरठ-हापुड़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद अरुण गोविल ने केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र भेजकर ट्रेन संख्या 22417 एवं 22418 (सुपरफास्ट एक्सप्रेस) का हापुड़ जंक्शन रेलवे स्टेशन पर स्थायी एवं नियमित ठहराव स्वीकृत किए जाने की मांग की है।

सांसद अरुण गोविल ने अपने पत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे में हो रहे अभूतपूर्व कायाकल्प, विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचे के विकास, वंदे भारत जैसी आधुनिक ट्रेनों के संचालन तथा ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के अंतर्गत रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास के लिए रेल मंत्रालय का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि हापुड़ जनपद राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) का महत्वपूर्ण क्षेत्र होने के साथ-साथ औद्योगिक, व्यापारिक, कृषि एवं शैक्षणिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र है। हापुड़ दिल्ली-मुरादाबाद-लखनऊ रेलखंड का महत्वपूर्ण जंक्शन भी है। इसके बावजूद ट्रेन संख्या 22417 (वाराणसी-नई दिल्ली) एवं 22418 (नई दिल्ली-वाराणसी) सुपरफास्ट एक्सप्रेस का हापुड़ जंक्शन पर ठहराव नहीं होने के कारण स्थानीय निवासियों, व्यापारियों, विद्यार्थियों, सैनिकों एवं दैनिक यात्रियों को गाजियाबाद अथवा मुरादाबाद तक अतिरिक्त यात्रा करनी पड़ती है।

सांसद ने पत्र में हापुड़ में स्थायी ठहराव के प्रमुख जनहितकारी कारण भी बताए हैं—

1. हापुड़ के साथ-साथ पिलखुवा, गढ़मुक्तेश्वर, धौलाना, सिंभावली तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लाखों नागरिकों और पूर्वी उत्तर प्रदेश की ओर जाने वाले यात्रियों को सीधे रेल सुविधा उपलब्ध होगी।
2. वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, विद्यार्थियों एवं गंभीर रोगियों के लिए यह ठहराव अत्यंत सुविधाजनक और राहत देने वाला होगा।
3. हापुड़ एक प्रमुख औद्योगिक एवं व्यापारिक केंद्र है। यहां बड़ी संख्या में यात्री उपलब्ध होने के कारण रेलवे के राजस्व में भी वृद्धि होगी।
4. सांसद ने स्पष्ट किया कि मात्र दो मिनट का स्थायी ठहराव होने से इन ट्रेनों की समय-सारणी पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा।

सांसद अरुण गोविल ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से आग्रह किया कि ट्रेन संख्या 22417 एवं 22418 का हापुड़ जंक्शन रेलवे स्टेशन पर स्थायी एवं नियमित ठहराव स्वीकृत करने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए जाएं।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि रेल मंत्री इस महत्वपूर्ण जनहित के विषय पर सकारात्मक विचार करते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे। सांसद ने कहा कि हापुड़ जंक्शन पर इन ट्रेनों का ठहराव क्षेत्र के लाखों यात्रियों के लिए बड़ी सुविधा साबित होगा और इससे हापुड़ सहित आसपास के क्षेत्रों के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को भी गति मिलेगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button