गोड्डा
मुफ्फसिल थाना परिसर में शांति समिति की एक बैठक आयोजित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। मुफ्फसिल थाना परिसर में शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। शब ए बारात एंव सरस्वती पूजा के त्योहार को लेकर आहुत बैठक के दौरान अध्यक्षता सर्किल इंस्पेक्टर मधुसूदन माेदक ने की। बैठक में पूजा समितियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रबुद्ध नागरिकों ने हिस्सा लिया। प्रशासन द्वारा त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बताया गया कि सभी पूजा पंडालों को थाना से अनुमति लेना अनिवार्य होगा। बिना अनुमति के पंडाल स्थापित करने पर रोक रहेगी। ध्वनि प्रदूषण और हुड़दंग को रोकने के लिए पूजा और विसर्जन के दौरान डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. केवल निर्धारित डेसिबल में लाउडस्पीकर के प्रयोग की अनुमति होगी। प्रत्येक पूजा समिति को अपने पंडाल में पर्याप्त संख्या में वॉलेंटियर्स तैनात करने होंगे, जो भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा में पुलिस का सहयोग करेंगे। मूर्ति विसर्जन के लिए रूट पहले से निर्धारित कर दिए गए है। समितियों को निर्देश दिया गया है कि वे निर्धारित समय और मार्ग का ही पालन करें। सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्ट डालने वालों पर साइबर सेल की कड़ी नजर रहेगी। वहीं, थाना प्रभारी आनंद कुमार साहा ने कहा कि त्योहार आपसी भाईचारे का प्रतीक है। हम सभी का कर्तव्य है कि हम शांति व्यवस्था बनाए रखें। किसी भी आपात स्थिति या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। इस बैठक में गोड्डा प्रखंड प्रमुख कुंती देवी, एसआई, अशोक दूवे, राजेश रंजन, सुदीन यादव, मकेश्वर कुमार, गोविन्द कुमार दास, जुलास अंसारी , सलीम अंसारी, सुनील यादव समेत कई लोग मौजूद थे।



