जामताड़ा

जामताड़ा में विकास दिख रहा, आरोप बेबुनियाद: दिनेश यादव

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो
जामताड़ा। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के जिलाध्यक्ष दिनेश यादव ने कहा है कि पिछले कुछ दिनों से जिले में कुछ लोग सरकार और मंत्री के खिलाफ बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने त्योहारों में डीजे बजाने पर पूरी तरह से रोक लगाने की कोई बात नहीं कही है। दिनेश यादव ने बताया कि मंत्री ने मीडिया में साफ कहा है कि उन्होंने डीजे पर प्रतिबंध नहीं लगाया है, बल्कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार तेज आवाज में डीजे बजाने से बचने की अपील की गई है, ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग इस मुद्दे को बेवजह तूल देकर समाज में जात-पात का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि उन्हें विकास कार्यों से कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने कहा कि जामताड़ा जिले के दोनों विधानसभा क्षेत्रों में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं। नाला विधानसभा क्षेत्र में विधायक सह विधानसभा अध्यक्ष रविन्द्र नाथ महतो द्वारा हाल ही में गरीब किसानों के लिए एक बड़े कोल्ड स्टोरेज का निर्माण कर उद्घाटन किया गया है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि 18 वर्षों तक सत्ता में रहने के बावजूद एक भी कोल्ड स्टोरेज नहीं बन पाया। दिनेश यादव ने आगे कहा कि जिले में सड़कों, नालियों और स्वास्थ्य सुविधाओं में लगातार सुधार हो रहा है। डॉक्टरों की संख्या बढ़ाई जा रही है और स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले चार दिनों में गरीबों के लिए अल्ट्रासाउंड की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने भाजपा से सवाल करते हुए कहा कि जब उनकी सरकार थी, तब अस्पतालों में डॉक्टर तक उपलब्ध नहीं रहते थे और लोगों को इलाज के लिए दूर-दूर तक भटकना पड़ता था। आज पूरे झारखंड में स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार हो रहा है, जिसे देखकर विपक्षी दलों को परेशानी हो रही है। अंत में उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता जागरूक है और विकास कार्यों को भली-भांति देख और समझ रही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button