खैरथल

अतिरिक्त जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित

फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति की हुई समीक्षा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल-तिजारा। अतिरिक्त जिला कलेक्टर  शिवपाल जाट की अध्यक्षता में सोमवार को साप्ताहिक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए लंबित कार्यों के शीघ्र एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश प्रदान किए गए।
बैठक के दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने संपर्क पोर्टल पर लंबित परिवादों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि आमजन को त्वरित राहत प्रदान करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। विभागवार समीक्षा के दौरान 30 दिवस से अधिक समय से लंबित प्रकरणों को तत्काल निस्तारित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही टाइम एक्सीलरेशन के माध्यम से परिवादों के उच्च स्तर पर जाने पर असंतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्रतिदिन कम से कम दो शिकायतकर्ताओं से दूरभाष के माध्यम से संपर्क कर फीडबैक प्राप्त करें तथा उसका विधिवत रिकॉर्ड संधारित करें, जिससे निस्तारण की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जा सके।
बैठक में विभिन्न फ्लैगशिप योजनाओं—प्रधानमंत्री कुसुम योजना, आयुष्मान भारत योजना, स्वामित्व योजना, ‘कर्मभूमि से मातृभूमि’ अभियान, मुख्यमंत्री शिक्षित राजस्थान अभियान, हरियालो राजस्थान तथा प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण एवं शहरी)—की प्रगति की समीक्षा की गई। जिन योजनाओं में प्रगति संतोषजनक नहीं पाई गई, उनसे संबंधित अधिकारियों को योजना में प्रगति लाने के निर्देश दिए गए।
अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने ‘पंच गौरव’ के अंतर्गत 31 मार्च तक निर्धारित कार्य पूर्ण करने एवं वर्ष 2026-27 हेतु कार्ययोजना तैयार कर प्रेषित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को वृद्धाश्रमों में विशेष स्वास्थ्य शिविर (राष्ट्रीय कार्यक्रम) आयोजित करने के निर्देश दिए तथा समाज कल्याण अधिकारी को असहाय एवं जरूरतमंद व्यक्तियों को वृद्ध आश्रम में पंजीकृत कर लाभान्वित करने के निर्देश भी दिए।
इसके अतिरिक्त ‘सबको बीमा अभियान-2047’ के अंतर्गत आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से सर्वे कर अधिकाधिक पंजीकरण सुनिश्चित करने तथा बीमा दावों के वितरण के समय व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश एलडीएम अधिकारियों को दिए गए। साथ ही एसडीजी इंडेक्स के अंतर्गत लंबित विभागीय रिपोर्ट शीघ्र प्रेषित करने के निर्देश भी प्रदान किए गए।
बैठक में समाज कल्याण अधिकारी रमेश देहमिवाल, कोषाधिकारी सुरेश कुमार बंसल, अधीक्षक अभियंता (पीएचईडी) धर्मवीर यादव, संयुक्त निदेशक सूचना एवं प्रौद्योगिकी वीरेंद्र त्यागी, कृषि अधिकारी गोपाल लाल मीणा, सहायक निदेशक सहकारिता वेद प्रकाश सैनी, सहायक अभियंता दिनेश भड़ाना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button