मथुरा
छात्र ने बीच सड़क पर युवक को चाकू से गोदकर किया लहूलुहान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा के चौमुहां में नेशनल हाईवे पर थाना जैंत से महज सौ मीटर की दूरी पर सोमवार सुबह रोडरेज की वारदात सामने आई है। कार की टक्कर के बाद हुए विवाद में निजी यूनिवर्सिटी के छात्र ने एक युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। घायल युवक को गंभीर हालत में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने तीन आरोपी छात्रों को हिरासत में लिया है। पूरी वारदात एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। बीएसए इंजीनियरिंग कॉलेज के पास निवासी और मूल रूप से नौहझील के रहने वाले ललित मोहन भारद्वाज अपने भाई हरिदत्त और भतीजे अंश एवं वंश के साथ अर्टिगा गाड़ी से पैतृक गांव नौहझील जा रहे थे। अलवर पुल के पास उनकी गाड़ी को एक कार सवार सुशांत, निशांत और मृत्युंजय ने टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद कार सवार छात्रों ने ललित और उनके परिजनों को गाली दी और गाड़ी लेकर भाग निकले। आरोपी छात्र भागकर जैंत थाने से कुछ ही दूरी पर स्थित बाबा द ढाबा पर रुक गए। पीछे से पहुंचे ललित और उनके भाई का छात्रों से फिर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। हाथापाई के बीच एक छात्र ने कार से चाकू निकाला और ललित की पीठ पर एक के बाद एक तीन वार कर दिए। पुलिस ने बताया कि तीनों एक निजी यूनिवर्सिटी के छात्र हैं। रिफाइनरी क्षेत्र के राधा टाउन में रहते हैं। इनमें से एक बीटेक और दो डिप्लोमा कर रहे हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है। पीड़ित के भाई हरिदत्त की तहरीर के आधार पर जैंत पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली है।



