
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में विश्व क्षय रोग (टीबी) दिवस के अवसर पर कम्युनिटी मेडिसिन विभाग द्वारा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष कार्यक्रम की थीम हां, हम टीबी समाप्त कर सकते हैं रही, जिसके माध्यम से टीबी उन्मूलन के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने बताया कि बच्चों में होने वाली टीबी की रोकथाम के लिए उचित पोषण अत्यंत आवश्यक है। साथ ही माताओं को सलाह दी गई कि वह बच्चों को टीबी के दौरान भी स्तनपान कराएं, जिससे उन्हें पर्याप्त पोषण मिल सकें। चिकित्सकों ने जानकारी दी कि टीबी के मरीजों में खांसी दो सप्ताह से अधिक समय तक रहना, बुखार, वजन कम होना और सांस फूलना जैसे लक्षण दिखाई देते हैं। ऐसे लक्षण मिलने पर तुरंत जांच कराना आवश्यक है। अस्पताल में बलगम, एक्स-रे और सीबी-नैट जैसी जांचें नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं। कम्युनिटी मेडिसिन विभागाध्यक्ष ने बताया कि क्षय रोग के अंतर्गत सभी मरीजों को नि:शुल्क दवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं तथा पोषण सहायता राशि भी प्रदान की जाती है, जिससे मरीजों का समुचित उपचार सुनिश्चित हो सके। कार्यक्रम के दौरान प्रमुख चिकित्सा अधिकारियों एवं विशेषज्ञ डॉक्टरों ने भी अपने विचार रखे और टीबी उन्मूलन के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया। महाविद्यालय प्रशासन ने आमजन से अपील की कि टीबी के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र पर जांच कराएं और सरकार द्वारा संचालित कार्यक्रमों का लाभ उठाएं, ताकि देश को टीबी मुक्त बनाने के लक्ष्य को साकार किया जा सके।



