गोड्डा

विश्व यक्ष्मा दिवस पर गोड्डा में जिला स्तरीय कार्यशाला

‘निक्षय मित्र’ बन 5 टीबी मरीजों को गोद लेने का संकल्प

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
गोड्डा : आज दिनांक 24 मार्च 2026 विश्व यक्ष्मा दिवस के अवसर पर सिविल सर्जन कार्यालय सभागार, गोड्डा में जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त अंजली यादव की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त अंजली यादव, नगर परिषद अध्यक्ष सुशील रमानी, उपाध्यक्ष पूजा तिवारी एवं सिविल सर्जन डॉ. एस.सी. शर्मा द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि यक्ष्मा (टीबी) एक गंभीर लेकिन पूर्णतः उपचार योग्य बीमारी है। उन्होंने सभी विभागों, स्वास्थ्यकर्मियों एवं आम नागरिकों से टीबी उन्मूलन के लिए सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। वर्ष 2026 के विश्व यक्ष्मा दिवस की थीम “Yes! We Can End TB. Led by Bharat. Powered by Janbhagidari.” पर विशेष बल दिया गया। कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त द्वारा ‘निक्षय मित्र’ पहल के तहत 5 टीबी मरीजों को गोद लेते हुए उनके उपचार एवं पोषण सहायता का संकल्प लिया गया। साथ ही उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को संभावित मरीजों की शीघ्र पहचान, समय पर जांच और उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नगर परिषद अध्यक्ष सुशील रमानी एवं उपाध्यक्ष पूजा तिवारी ने भी टीबी उन्मूलन के लिए संकल्प लिया। सिविल सर्जन डॉ. एस.सी. शर्मा ने जिले में चल रहे टीबी नियंत्रण कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि मरीजों की पहचान, जांच, उपचार एवं फॉलोअप को और सुदृढ़ किया जा रहा है। निक्षय पोषण योजना के तहत लाभुकों को आर्थिक सहायता भी प्रदान की जा रही है। कार्यशाला में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा टीबी के लक्षण, बचाव एवं उपचार पर विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि लगातार खांसी, बुखार, वजन में कमी और कमजोरी जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत जांच कराना जरूरी है। कार्यक्रम में वर्ष 2025 में टीबी मुक्त घोषित 17 पंचायतों के मुखियाओं को प्रमाण पत्र एवं महात्मा गांधी की प्रतिमा देकर सम्मानित किया गया। साथ ही उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मियों को टीबी मुक्त समाज बनाने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में जिला स्तरीय पदाधिकारी, चिकित्सा पदाधिकारी, स्वास्थ्यकर्मी, शहरी सहिया एवं विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button