मथुरा

सीमा पर क्रॉस फायरिंग में नौहझील का लाल हुआ शहीद

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मथुरा। नौहझील थाना क्षेत्र के गांव चांदपुर कलां में उस वक्त मातम छा गया, जब ग्रामीणों को सूचना मिली कि गांव का लाडला आदेश कुमार (20) वर्ष सीमा पर देश की रक्षा करते हुए शहीद हो गया है। मंगलवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे क्रॉस फायरिंग के दौरान गोली लगने से आदेश ने वीरगति प्राप्त की। सैन्य अधिकारियों ने मंगलवार दोपहर करीब 11 बजे परिजनों को इस दुखद घटना की जानकारी दी। खबर मिलते ही परिजन में चीख-पुकार व क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और शहीद के घर पर सांत्वना देने वालों का तांता लग गया। शहीद आदेश कुमार के पिता विजय कुमार स्वयं सेना से रिटायर हवलदार हैं और वर्तमान में हरियाणा पुलिस में तैनात हैं। उन्होंने बताया कि आदेश अक्टूबर 2024 में अग्निवीर योजना के तहत सेना में भर्ती हुए थे। वह अपने दो भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटे और सबके लाडले थे।
विजय कुमार के मुताबिक आदेश गुवाहाटी से करीब 475 किलोमीटर दूर दुर्गम बॉर्डर पर तैनात थे, जहां ऑक्सीजन की भारी कमी और विषम परिस्थितियों के बीच वह मुस्तैदी से डटे हुए थे। शहीद का पार्थिव शरीर बृहस्पतिवार तक उनके पैतृक गांव पहुंचने की संभावना है। यहां पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। विजय कुमार का परिवार देशभक्ति के जज्बे से सराबोर है। बड़ा बेटा विशाल पहले से ही सेना में है और दूसरा बेटा देश की वेदी पर कुर्बान हो गया।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button