
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ललितपुर। जनपद में पेट्रोल-डीजल को लेकर अचानक मचे हड़कंप ने शहर की व्यवस्था को झकझोर कर रख दिया है। शुक्रवार की देर शाम और गुरूवार की सुबह से ही शहर के लगभग सभी पेट्रोल पंपों पर तेल लेने वालों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे कई स्थानों पर अफरा-तफरी और तनाव की स्थिति बन गई। हालात यह हैं कि लंबी-लंबी कतारों में खड़े वाहन चालकों के बीच धक्का-मुक्की और कहासुनी तक देखने को मिली। शहर के प्रमुख पेट्रोल पंप गेंदालाल पेट्रोल पंप, अभिलाषा पेट्रोल पंप, राजघाट रोड स्थित पेट्रोल पंप, गल्ला मंडी क्षेत्र और आसपास के अन्य पंपों पर सुबह से देर रात तक वाहनों की लाइनें लगी रहीं। कई जगहों पर सड़क तक जाम जैसी स्थिति बन गई। स्थिति को और गंभीर बनाता यह दृश्य रहा कि बड़ी संख्या में लोग केन, डिब्बे और अन्य पात्र लेकर पेट्रोल भरवाने पहुंचे। आशंका और अफवाहों के चलते लोग जरूरत से अधिक ईंधन जमा करने की कोशिश करते नजर आए, जिससे पंपों पर दबाव और बढ़ गया। हालांकि प्रशासन द्वारा बार-बार यह स्पष्ट किया जा रहा है कि जनपद में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है, इसके बावजूद लोगों में भय और असमंजस का माहौल बना हुआ है। यही कारण है कि स्थिति सामान्य होने के बजाय और अधिक भीड़भाड़ वाली बनती जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी सक्रिय हो गए हैं।
प्रशासन की सख्त अपील
अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि वह अफवाहों पर ध्यान न दें, शांति और संयम बनाए रखें तथा केवल आवश्यकता अनुसार ही पेट्रोल-डीजल लें। अनावश्यक भीड़ और जमाखोरी से स्थिति बिगड़ सकती है, जिससे सभी को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।



