सीएम हेमन्त सोरेन ने अपनी पत्नी संग की पूजा- अर्चना, की सुख-शांति और समृद्धि की कामना
CM Hemant Soren performed puja with his wife and prayed for happiness, peace and prosperity.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
रांची। हेमन्त सोरेन ने रामनवमी के पावन अवसर पर अपनी धर्मपत्नी एवं विधायक कल्पना सोरेन के साथ रांची स्थित श्री राम जानकी तपोवन मंदिर में पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर उन्होंने भगवान श्रीराम के चरणों में शीश नवाकर राज्य की उन्नति, सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री ने राज्यवासियों को रामनवमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व आस्था, श्रद्धा और सामाजिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने सभी लोगों से भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि रामनवमी के अवसर पर हर वर्ष की तरह इस बार भी तपोवन मंदिर में आस्था का विशाल समागम देखने को मिल रहा है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंच रहे हैं और विभिन्न अखाड़ों की शोभायात्राएं भी यहां आकर मिल रही हैं। उन्होंने अपील की कि सभी लोग इस पर्व को उत्साह और उमंग के साथ मनाएं तथा सामाजिक सद्भाव और समरसता बनाए रखें, ताकि यह आयोजन ऐतिहासिक और यादगार बन सके। मुख्यमंत्री ने तपोवन मंदिर के ऐतिहासिक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि इसकी पहचान को और सशक्त बनाने के लिए सरकार द्वारा सौंदर्यीकरण और विकास कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि मंदिर को और भव्य स्वरूप देने का कार्य जल्द पूरा होगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने भगवान श्रीराम से राज्य के सर्वांगीण विकास और जनता की खुशहाली की प्रार्थना की।



