बरेली
54वीं राष्ट्रीय महिला हैंडबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने किया

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। नाथ नगरी बरेली एक बार फिर राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराते हुए खेल प्रतिभाओं के महाकुंभ की साक्षी बनी। फ्यूचर विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित 54वीं राष्ट्रीय सीनियर महिला हैंडबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ जिलाधिकारी बरेली अविनाश सिंह एवं कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने किया।उद्घाटन समारोह पूरे उत्साह, गरिमा और खेल भावना से ओतप्रोत रहा।कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक गरिमामय वातावरण में हुई, जहां मुख्य अतिथियों ने हैंडबॉल को गोलपोस्ट में डालकर प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन किया। इस प्रतीकात्मक शुरुआत ने खिलाड़ियों और दर्शकों में जोश का संचार कर दिया। इसके पश्चात जिलाधिकारी एवं विधायक ने विभिन्न राज्यों से आई टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साहवर्धन किया।
अपने संबोधन में जिलाधिकारी ने कहा कि “खेल न केवल शारीरिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि यह अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना जैसे जीवन मूल्यों को भी विकसित करते हैं। वहीं कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने कहा कि बरेली में इस तरह के बड़े खेल आयोजनों का होना शहर के लिए गर्व की बात है और इससे स्थानीय खिलाड़ियों को भी नई दिशा और प्रेरणा मिलती है।
जिला ओलंपिक संघ बरेली के अध्यक्ष डॉ. आशीष गुप्ता ने आयोजन की जानकारी देते हुए बताया कि बरेली में राष्ट्रीय स्तर की हैंडबॉल प्रतियोगिता का यह तीसरा सफल आयोजन है। इस अवसर पर जिला ओलंपिक संघ के संरक्षक धर्मेंद्र गुप्ता सचिव रौनक सिंह बग्गा एवं अभिमन्यु गुप्ता, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुनील गुप्ता आर एस ओ, चंचल मिश्रा, महासचिव फसील बेग सोनू सिरोटिया आदि समेत विभिन्न गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



