सर्वाइकल कैंसर के खिलाफ जंग, पाकुड़िया स्वास्थ्य केंद्र में किशोरियों का टीकाकरण शुरू
Fight against cervical cancer, vaccination of adolescent girls begins at Pakudia Health Centre

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। जिले के पाकुड़िया प्रखंड में बेटियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर और जानलेवा बीमारी से सुरक्षित करने के उद्देश्य से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एचपीवी (HPV) टीकाकरण अभियान की शुरुआत कर दी गई है। इस अभियान के तहत किशोरियों को नियमित रूप से टीका लगाया जा रहा है, जिससे उन्हें भविष्य में इस बीमारी से बचाया जा सके। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. भरत भूषण भगत ने लोगों को जागरूक करते हुए बताया कि यह टीका हर किशोरी के लिए अत्यंत आवश्यक और जीवन रक्षक है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बेटियों को इस टीकाकरण अभियान में अवश्य शामिल कराएं, ताकि समय रहते इस बीमारी से सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। टीकाकरण के बाद स्वास्थ्य केंद्र की ओर से किशोरियों को फल एवं जूस वितरित कर उनका उत्साहवर्धन भी किया गया। इस पहल से किशोरियों में सकारात्मक संदेश गया और वे उत्साहपूर्वक इसमें भाग ले रही हैं। इस अवसर पर एनसीडी नोडल प्रभात दास, जीएनएम जोशना मुर्मू, एएनएम बबीता कुमारी, अलख निरंजन, राजकुमार ठाकुर एवं चंचल कुनाई सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे। फिलहाल यह टीकाकरण अभियान सरकारी दिशा-निर्देशों के अनुसार स्वास्थ्य केंद्र में सुचारु रूप से संचालित किया जा रहा है।



