
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कैराना। अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कैराना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर हथियार तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध असलहा, कारतूस, मोबाइल फोन और तस्करी में प्रयुक्त बाइक बरामद हुई है, जबकि मुख्य हथियार सप्लायर मौके से फरार हो गया।पुलिस अधीक्षक शामली नरेन्द्र प्रताप सिंह के निर्देश पर अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला के निर्देशन व क्षेत्राधिकारी कैराना हेमन्त कुमार के पर्यवेक्षण में मंगलवार को थाना कैराना पुलिस ने यह कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शोएब पुत्र महताब निवासी ग्राम तित्तरवाड़ा कैराना के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से 10 अवैध पिस्टल (32 बोर) मय जिंदा कारतूस, 5 अवैध तमंचे (315 बोर) मय जिंदा कारतूस, तस्करी में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की बजाज पल्सर बाईक तथा ओप्पो कंपनी का एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। वहीं इस नेटवर्क का मुख्य सप्लायर कादिर पुत्र आबिद निवासी तित्तरवाड़ा पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। पूछताछ में आरोपी ने अवैध हथियार तस्करी के संगठित नेटवर्क का खुलासा किया है। उसने बताया कि वह अकरम नामक व्यक्ति से व्हाट्सऐप कॉल के जरिए संपर्क करता था, जो उसे मध्य प्रदेश राज्य के बुरहानपुर रेलवे स्टेशन पर हथियार उपलब्ध कराता था। आरोपी नकद भुगतान कर वहां से हथियार लेकर आता था। इसके बाद वह इन हथियारों को कैराना क्षेत्र के कादिर को सप्लाई करने जा रहा था। कादिर इन असलहों को छिपाकर जिले में ऊंचे दामों पर बेचता था ।आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पहले भी कई बार पिस्टल और तमंचे की सप्लाई कर चुका है। एसपी शामली ने बताया कि आरोपी मध्य प्रदेश से 15–20 हजार रुपये में पिस्टल खरीदकर जनपद में 50–60 हजार रुपये तक में बेचता था। पुलिस का मानना है कि इस गिरफ्तारी से अवैध हथियार तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक समयपाल अत्री, उपनिरीक्षक यशपाल सिंह सोम, पवन कुमार, हैड कांस्टेबल ललित शर्मा, शहजाद, रिंकू भाटी, अंकुर मलिक, यतेन्द्र सिंह, कांस्टेबल राहुल कुमार व अंकुर कुमार की अहम भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक शामली ने इस सफलता पर पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।


