पाकुड़

डीसी ने लाभुकों को कराया गृहप्रवेश

DC got the beneficiaries to enter the house

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़ जिले में आज प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत कुल 150 लाभुकों का गृह प्रवेश कराया गया। इस अवसर पर उपायुक्त श्री मनीष कुमार ने लिट्टीपाड़ा प्रखंड अंतर्गत कुंजबोना पंचायत के डांगापाड़ा गांव में बमना पहाड़िया लाभुक का गृह प्रवेश कराया। उन्होंने फीता काटकर एवं नारियल फोड़कर नवनिर्मित पीएम जनमन आवास का उद्घाटन किया। मौके पर लाभुकों को प्रेशर कुकर एवं शॉल भेंट कर सम्मानित भी किया गया। लाभुकों ने सरकार एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पहले कच्चे मकान में किसी तरह गुजर-बसर करते थे, लेकिन अब सरकार की मदद से पक्का घर मिल गया है। उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान योजना का उद्देश्य कमजोर जनजातीय समूहों को सशक्त बनाना है। इसके अंतर्गत आदिवासी समुदाय को आवास, स्वच्छ पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि अब तक वंचित इन समुदायों को समाज के अन्य वर्गों जैसी सुविधा मिलेगी जिससे उनका जीवनस्तर और सामाजिक स्तर दोनों में सुधार होगा। उपायुक्त ने बताया कि पीएम जनमन योजना के तहत लाभुकों को दो कमरे एवं रसोईघर सहित पक्का मकान उपलब्ध कराया जा रहा है। आज जिले के विभिन्न प्रखंडों में एक साथ 150 लाभुकों का गृह प्रवेश कराया गया। गृह प्रवेश कार्यक्रम जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में संपन्न हुआ। सभी प्रखंडों में वरीय पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने लाभुकों को गृह प्रवेश करवाया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button