नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
कैराना। कोतवाली क्षेत्र के गांव बसेड़ा में ससुराल पक्ष द्वारा मायके में घुसकर महिला के साथ मारपीट करने, उसे जबरन ले जाने का प्रयास करने और जेवर-नकदी लेकर फरार होने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव बसेड़ा निवासी फरयाना पत्नी मारुफ ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका विवाह करीब नौ वर्ष पूर्व हुआ था और उसका आठ वर्षीय बेटा है। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति व ससुराल पक्ष के लोग उसे प्रताड़ित करते रहे, जिसके चलते वह पिछले पांच वर्षों से अपने मायके में रह रही है। पीड़िता के अनुसार 28 जनवरी को उसके देवर अनीस, अकरम व ससुर इलियास उसके मायके पहुंचे और आते ही गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान आरोपियों ने उसे जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाकर साथ ले जाने का प्रयास किया, लेकिन परिवार के लोगों के विरोध के चलते वे सफल नहीं हो सके। आरोप है कि जाते समय आरोपी महिला के पास रखे चांदी के जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए। घटना के बाद से पीड़िता व उसका परिवार दहशत में है। पीड़िता की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
