गोड्डा
थाने में शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं
पीड़ित परिवार ने पूर्व महिला आयोग सदस्य ममता कुमारी से लगाई न्याय की गुहार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
पोड़ैयाहाट : थाना में आवेदन देने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से नाराज एक पीड़ित परिवार ने शनिवार को राष्ट्रीय महिला आयोग की पूर्व सदस्य ममता कुमारी से मुलाकात कर न्याय की गुहार लगाई। थाना क्षेत्र के ओमवार गांव निवासी महेंद्र हेम्ब्रम अपनी बेटी और परिजनों के साथ ममता कुमारी के आवास पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी सुकूमूनी हांसदा को उनके दामाद, राजपुरा गांव निवासी रामु सोरेन, 14 फरवरी को झाड़-फूंक के बहाने अपने साथ ले गया और अब तक वापस नहीं किया है। विरोध करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी जा रही है। पीड़ित परिवार का कहना है कि इस मामले को लेकर 25 फरवरी को थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी और पुलिस अधीक्षक को भी सूचना दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।मामले की गंभीरता को देखते हुए ममता कुमारी ने दूरभाष पर हेडक्वार्टर डीएसपी जयप्रकाश नारायण चौधरी से बात कर पूरी जानकारी दी और दो दिनों के भीतर कार्रवाई करने का अल्टीमेटम दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।इस पर डीएसपी ने आश्वासन दिया कि मामले में जल्द ही कार्रवाई की जाएगी। वहीं, थाना प्रभारी महावीर पंडित ने बताया कि आवेदन पर सन्हा दर्ज कर लिया गया है और मामला सास-दामाद से जुड़ा होने के कारण जांच जारी है।मीडिया से बातचीत में ममता कुमारी ने राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि झारखंड में आदिवासी महिलाओं के साथ शोषण बढ़ रहा है और सरकार इस पर चुप्पी साधे हुए है, जो बेहद चिंताजनक है।



