नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
ललितपुर। तहसील पाली अंतर्गत ग्राम कैथोरा में आंगनबाड़ी सहायिका की भर्ती प्रक्रिया सवालों के घेरे में आ गई है। एक अभ्यर्थी ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर चयन प्रक्रिया में गंभीर अनियमितता और साठ-गांठ का आरोप लगाया है। पीडि़ता का कहना है कि अधिक अंक होने के बावजूद उसका चयन न कर कम मेरिट वाली अपात्र महिला को नियुक्त कर दिया गया है। ग्राम कैथोरा निवासी राजकुमारी पत्नी कन्हैयालाल ने जिलाधिकारी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उन्होंने 15 मार्च 2024 को निकली आंगनबाड़ी सहायिका भर्ती के लिए आवेदन किया था। नियमानुसार साक्षात्कार के बाद उनकी मेरिट 17.02 बनी थी। राजकुमारी का आरोप है कि चयन सूची में उनके स्थान पर सैजल पत्नी सचिन प्रताप सिंह का चयन कर लिया गया, जिनकी मेरिट मात्र 6.48 थी। शिकायतकर्ता राजकुमारी ने चयन पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिस महिला (सैजल) का चयन किया गया है, वह दूसरे गांव ठगारी की निवासी है। आरोप है कि वह इस पद के लिए अपात्र है क्योंकि उसके पति पहले से ही सरकारी कर्मचारी हैं। वहीं दूसरी ओर, राजकुमारी ने खुद को एक गरीब और पढ़ी-लिखी महिला बताया है, जो पात्र गृहस्थी राशन कार्ड धारक है और भर्ती की सभी शर्तों को पूरा करती है। पीडि़ता ने जिलाधिकारी से मांग की है कि इस पूरी भर्ती प्रक्रिया और श्रीमती सैजल के चयन की निष्पक्ष जांच कराई जाए। राजकुमारी ने साठ-गांठ करने वाले दोषियों पर कार्रवाई करने और मेरिट के आधार पर ग्राम कैथोरा में उन्हें आंगनबाड़ी सहायिका के पद पर नियुक्त करने की अपील की है।



