दुमका को ‘सिल्क सिटी बनाने की दिशा में पहल तेज, उपायुक्त की अध्यक्षता में अहम बैठक आयोजित
Initiatives to make Dumka a 'Silk City' accelerate, important meeting held under the chairmanship of Deputy Commissioner

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
दुमका। उपायुक्त की अध्यक्षता में सिल्क बोर्ड से संबंधित एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें दुमका जिले को “सिल्क सिटी” के रूप में विकसित करने को लेकर व्यापक चर्चा हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में सिल्क उत्पादन को बढ़ावा देना तथा इससे जुड़े विभिन्न पहलुओं को सुदृढ़ करना था। इस बैठक में सिल्क क्षेत्र में कार्यरत विभिन्न संस्थाओं एवं संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित थे, जिनमें मयूराक्षी सिल्क, जेएसएलपीएस, झारक्राफ्ट, रेशम विभाग तथा सेंट्रल सिल्क बोर्ड के प्रतिनिधि शामिल थे। बैठक के दौरान उपायुक्त ने सिल्क उत्पादन, प्रसंस्करण एवं विपणन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी संबंधित विभागों से प्राप्त की। उन्होंने सभी विभागों एवं संस्थाओं को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए कार्य को सफलतापूर्वक निष्पादित करने का निर्देश दिया। साथ ही प्रत्येक विभाग की जिम्मेदारियों को स्पष्ट करते हुए यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि निर्धारित कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे हों। उपायुक्त ने कोकून बैंक की स्थापना के लिए उपयुक्त स्थान चिन्हित करने का निर्देश दिया। इसके अतिरिक्त, सभी संबंधित विभागों को एक समन्वित एवं सुदृढ़ कार्ययोजना तैयार करने के लिए कहा गया, जिससे सिल्क उत्पादन में वृद्धि के साथ-साथ सिल्क उत्पादों, विशेषकर साड़ियों की प्रभावी मार्केटिंग सुनिश्चित की जा सके। बैठक में यह भी जोर दिया गया कि योजनाओं के सफल क्रियान्वयन से दुमका को एक प्रमुख सिल्क हब के रूप में स्थापित किया जा सकता है।



