शामली

जल निकासी न होने से गंगारामपुर खेड़की की गलियां जलमग्न, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
चौसाना। गंगारामपुर खेड़की गांव में जल निकासी की व्यवस्था न होने से कई मोहल्लों की गलियां पानी से लबालब हैं। पिछले तीन वर्षों से जलभराव की समस्या झेल रहे ग्रामीणों ने सोमवार को विरोध प्रदर्शन कर ग्राम पंचायत के खिलाफ नाराजगी जताई। कश्यप और कोरी मोहल्ले के लोग सबसे अधिक प्रभावित हैं।
  चौसाना क्षेत्र के गंगारामपुर खेड़की में जल निकासी न होने के कारण गलियों में भरा पानी लोगों की दिनचर्या पर भारी पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि हल्की बारिश या नालियों का पानी जमा होते ही गलियां तालाब में तब्दील हो जाती हैं। कश्यप और कोरी मोहल्ले की गलियों में हालात सबसे बदतर हैं, जहां लंबे समय तक पानी भरा रहता है। बच्चों को स्कूल जाने के लिए पानी से होकर निकलना पड़ता है, जिससे उनके कपड़े खराब होने के साथ-साथ फिसलने और बीमार होने का खतरा बना रहता है। बुजुर्गों और महिलाओं को भी घर से बाहर निकलने में परेशानी होती है।
ग्रामीणों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर पिछले तीन सालों में कई बार ग्राम पंचायत में शिकायत की गई, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिले। जलभराव के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है और दुर्गंध से माहौल खराब हो रहा है। लोगों में इस बात को लेकर नाराजगी है कि बार-बार शिकायत के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
सोमवार को परेशान होकर कश्यप और कोरी मोहल्ले के परिवारों ने एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में विकास कश्यप, रवि, विनोद, राजवीर कोरी, सोनिया, देवेंद्र, ऋषिपाल, जोगिंदर, सतवीर और राजीव सहित अन्य ग्रामीण शामिल रहे।
 ग्राम पंचायत सचिव राजीव कुमार ने बताया कि गलियां नीची हैं और आगे का क्षेत्र ऊंचा होने के कारण पानी भर जाता है। उन्होंने कहा कि फिलहाल टुल्लू पंप लगाकर पानी निकलवाया जाएगा और स्थायी समाधान के लिए प्रस्ताव तैयार किया जाएगा।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button