
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
ललितपुर। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की जिला स्तरीय खाद्य सुरक्षा सलाहकार समिति की बैठक मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में एडीएम अंकुर श्रीवास्तव की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में खाद्य सुरक्षा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक की शुरुआत सहायक आयुक्त खाद्य द्वारा वर्तमान वित्तीय वर्ष में विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी देने से हुई, जिस पर एडीएम ने संतोष व्यक्त किया। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रवर्तन कार्यवाही प्रशासनिक अधिकारियों एवं पुलिस बल के साथ संयुक्त रूप से की जाए तथा मिलावट के स्रोतों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। समिति सदस्य मनीष ने सुझाव दिया कि चाय की दुकानों पर कुल्हड़ या कांच के गिलास में चाय परोसने के लिए दुकानदारों को जागरूक किया जाए। साथ ही, कागज व प्लास्टिक कप के दुष्प्रभावों को दर्शाने वाले पम्पलेट और स्टीकर दुकानों पर लगाने की बात कही। जिला पूर्ति अधिकारी ने ब्रांडेड पानी की बोतलों से मिलते-जुलते नामों वाले उत्पादों की सघन जांच कर नमूने संग्रहित करने का सुझाव दिया, जिससे पेयजल की गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके। वहीं बेसिक शिक्षा अधिकारी ने प्रत्येक माह कम से कम 10 मिड-डे मील के नमूने लेने और जांच के समय शिक्षा विभाग के प्रतिनिधि की उपस्थिति सुनिश्चित करने पर जोर दिया। शासकीय अधिवक्ता ने पानी-पूड़ी में उपयोग होने वाले पानी की गुणवत्ता की जांच कराने और दूध उत्पादन का आकलन कर मिलावट वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर कार्रवाई करने का सुझाव दिया। अपर जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं समाज कल्याण अधिकारी के समन्वय से सभी आवासीय विद्यालयों को ईट राइट स्कूल के अंतर्गत प्रमाणित कराने के निर्देश दिए। साथ ही, सरकारी संस्थानों में संचालित कैंटीनों को ईट राइट कैम्पस योजना के अंतर्गत प्रमाणन कराने पर भी बल दिया।



