कैराना

अश्लील हरकत का विरोध करने पर महिला के घर में घुसकर हमला

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।

कैराना। कोतवाली क्षेत्र के गांव भूरा में एक महिला द्वारा पड़ोसी की कथित अश्लील हरकतों का विरोध करना उस समय भारी पड़ गया, जब आरोपियों ने घर में घुसकर तलवार और लाठी से हमला कर दिया। मारपीट की इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल बताया जा रहा है। क्षेत्र निवासी एक महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि पड़ोस में रहने वाला विक्रम कश्यप पुत्र घसीटा अक्सर उसके घर के सामने खड़े होकर पैंट की चेन खोलकर अशोभनीय हरकतें करता था। जब वह और उसके परिजन इसका विरोध करते थे तो आरोपी गाली-गलौज करते हुए गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देता था। पीड़िता के अनुसार, 6 अप्रैल 2026 की सुबह करीब आठ बजे विक्रम कश्यप अपने साथी बबलू के साथ फिर इसी तरह की हरकत कर रहा था। विरोध करने पर आरोपी भड़क गया और कुछ देर बाद अपने अन्य साथियों के साथ हथियार लेकर वापस आ गया। आरोप है कि विक्रम कश्यप के हाथ में तलवार और बबलू के हाथ में लाठी थी। बताया गया है कि सभी आरोपी गाली-गलौज करते हुए जबरन घर में घुस आए और महिला व उसके परिवार के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान आरोपियों ने कथित रूप से सांप्रदायिक टिप्पणी करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। शोर सुनकर जब पीड़िता का पति मौके पर पहुंचा तो आरोपी उस पर भी तलवार लेकर दौड़ पड़ा और गर्दन काटने की धमकी दी। घटना के दौरान पीड़िता ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गए। आसपास के ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह बीच-बचाव किया। घटना के बाद गांव में भय और तनाव का माहौल बताया जा रहा है। पीड़िता ने कोतवाली कैराना में आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है कि इस घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक व्यक्ति महिला के साथ मारपीट करता दिखाई दे रहा है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button