
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
जगम्मनपुर (जालौन)। रामपुरा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम लिड़ऊपुर, लिटावली, बहराई, धूता समेत लगभग आधा दर्जन गांवों में बीते दिनों आई तेज आंधी के कारण विद्युत व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। आंधी के चलते कई स्थानों पर विद्युत पोल टूटकर गिर गए, लेकिन अब तक उन्हें दोबारा नहीं लगाया गया है, जिससे गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित बनी हुई है।
ग्रामीणों के अनुसार, ग्राम मानपुरा के आसपास तेज आंधी के कारण बड़ी संख्या में विद्युत पोल क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जिसके चलते पूरे क्षेत्र में अंधेरा पसरा हुआ है। बिजली न होने से लोगों को पेयजल समस्या सहित दैनिक जीवन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर रात के समय स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जब लोग मोमबत्ती और लालटेन के सहारे काम चलाने को मजबूर हैं। स्थानीय समाजसेवी उपेंद्र सिंह सेंगर (फौजी) लिड़ऊपुर, मानसिंह मुखिया बहराई, अनिल सिंह सेंगर लिटावली तथा वालसिंह पाल धूता ने बताया कि बिजली आपूर्ति ठप होने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, वहीं गर्मी के इस मौसम में बिना बिजली के रहना बेहद कष्टदायक साबित हो रहा है। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से जल्द से जल्द टूटे हुए पोलों को ठीक कर बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है, ताकि उन्हें इस समस्या से राहत मिल सके।



