
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती को देशभर में अंबेडकर जयंती (भीम जयंती) के रूप में मनाया जा रहा है। इसी क्रम में आज टीला मोड़ थाना क्षेत्र के आर्यन फार्म हाउस से अंबेडकर यात्रा का आयोजन किया गया।
यात्रा के दौरान एक ऐसी घटना सामने आई, जिसने लोगों की भावनाओं को आहत कर दिया। एक स्कूटी चालक ने अपनी स्कूटी पर राष्ट्रीय ध्वज बांध रखा था, जो बाद में नीचे की ओर झुक गया। यह दृश्य राष्ट्रीय गौरव के अपमान के रूप में देखा गया।
बताया जा रहा है कि उसी दौरान टीला मोड़ थाने में तैनात एक दरोगा वहां से गुजरे, लेकिन झंडे की स्थिति देखने के बावजूद उसे ठीक कराने का प्रयास नहीं किया और आगे बढ़ गए। वहीं, यात्रा में शामिल होने पहुंचे भाजपा के एक प्रमुख नेता भी स्कूटी के पास खड़े रहे, परंतु उनका ध्यान भी झंडे की ओर नहीं गया। उनका निजी गनर भी मौके पर मौजूद था, लेकिन उसने भी ध्वज को सही करने की पहल नहीं की।
स्थिति तब और गंभीर हो सकती थी जब गनर का पैर झंडे पर पड़ते-पड़ते बचा। इस घटना को देखकर मौके पर मौजूद लोगों में पुलिस और भाजपा नेताओं के प्रति रोष व्याप्त हो गया।स्थानीय लोगों का कहना है कि राष्ट्रीय ध्वज सम्मान अधिनियम, 1971 के तहत इस तरह की लापरवाही एक गंभीर अपराध है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।कुछ लोग इसे मानवीय भूल मान रहे हैं, जबकि अन्य का सवाल है कि क्या जिम्मेदार लोगों के लिए राष्ट्रीय प्रतीकों का महत्व कम हो गया है। यह घटना एक बार फिर याद दिलाती है कि राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और उसके उपयोग के नियमों को लेकर सतर्कता अत्यंत आवश्यक है। अब देखना होगा कि इसे महज चूक माना जाता है या लापरवाही के रूप में कार्रवाई की जाती है।

