नगरपालिका परिषद बालाघाट के तत्वावधान में आयोजन
मुख्यमंत्री कन्या विवाह अंतर्गत दाम्पत्य बंधन में बंधे 100 जोड़े

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बालाघाट(म0प्र0) : महात्मा ज्योतिबा फुले और माता सावित्रीबाई फुले को नमन करते हुए 11 अप्रैल को ज्योतिबा फुले की जन्म जयंती के अवसर पर नगरपालिका परिषद बालाघाट के तत्वावधान में नगर के तुरकर भवन में 100 नवयुगल का मध्यप्रदेश शासन की महत्वाकांक्षी योजना मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह योजनांतर्गत संपन्न हुआ। मरार माली भवन से दूल्हों के साथ बारात निकाली गई और नाचते-थिरकते हुए विवाह स्थल पर पहुंचकर यहां रीति-रिवाज के अनुरूप धार्मिक परंपराओं के अनुसार सामूहिक विवाह संपन्न कराया गया। अतिथियों ने सभी जोड़ों को स्वस्थ, सुखद, सफल वैवाहिक जीवन की कामना के साथ आशिर्वाद दिया। साथ ही योजना के तहत 49 हजार रूपये के डमी चेक भी दिये गये।
धार्मिक रीति-रिवाज के अनुरूप हुआ विवाह
सामूहिक विवाह कार्यक्रम का प्रारंभ महापुरूषों की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया जिसके उपरांत सभी अतिथियों का स्वागत हुआ। मंडप के हवनकुण्ड में अग्नि प्रज्वलित की गई और पुरोहितों के द्वारा वैवाहिक मंत्रोच्चार किया गया। जहां हिंदू धार्मिक परंपरा के तहत जोड़ों के द्वारा अग्नि के सात फेरे लेकर जीवनसाथी की रक्षा एवं साथ निभाने का वचन देते हुए मांग में सिंदूर भरकर अर्धांगिनी स्वीकार किया। उपस्थित घराती और बारातियों के द्वारा पुष्पवर्षा कर सुखद वैवाहिक जीवन की कामना कर आशीर्वाद दिया गया। इसके पूर्व मरार माली भवन से दोप. 2 बजे के दौरान सभी वर के साथ डीजे-धुमाल की धुन पर थिरकते हुए बाराती विवाह स्थल पर पहुंचे जहां पर मंचीय कार्यक्रम में अतिथियों का उद्बोधन हुआ। इस आयोजन में 85 जोड़े हिंदू धर्म तथा 5 जोड़े बौद्ध समाज एवं 10 जोड़े आदिवासी समाज पात्रता के अनुरूप सम्मिलित किये गये थे।
*महिला सशक्तिकरण का उदाहरण है शासन की योजना-नपाध्यक्ष भारती ठाकुर*
आयोजन की अध्यक्षता करते हुए नगरपालिका परिषद बालाघाट अध्यक्ष भारती सुरजीतसिंह ठाकुर ने प्रस्तावना रखी जिसमें उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश शासन की महत्वाकांक्षी योजना का परिणाम है कि सुखद क्षण देखने को मिल रहे है। केन्द्र और प्रदेश की सरकार चिंतन रहता है कि महिलाओं को सशक्त कैसे बनाया जाये इसमें नये आयाम स्थापित किये जा रहे है। विभिन्न योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। प्रदेश में लाड़ली लक्ष्मी, लाड़ली बहना योजना एवं मुख्यमंत्री कन्या योजना लोकप्रिय होने के साथ ही सशक्तिकरण का उदाहरण है। उन्होंने बताया कि पहले माता-पिता को चिंता होती थी कि बेटी के हाथ पीले कैसे किये जाये लेकिन यह जिम्मेदारी अब हमारी सरकार ने ली है जिसका प्रतिफल देखने को मिल रहा है उनके सुखद गृहस्थ जीवन के लिये 49 हजार रूपये भी बेटियों के खाते में दिये जाते है जिससे कि वे आत्मनिर्भर बन सके।
*आर्थिक और सामाजिक विकास के लक्ष्य को पूरा कर रही सरकार-मौसम हरिनखेड़े*
पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग सदस्य मौसम दीदी ने कहा कि गरीब के जीवनस्तर को कैसे सुधारा जाये, महिलाओं को आत्मबल कैसे मिले इसलिए अनगिनत योजनाओं का संचालन हमारी सरकार कर रही है, बेटियों के पिता को वैवाहिक चिंता से मुक्त किया गया है। समय-समय पर शहरी एवं तहसील स्तर पर मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के आयोजन होते है और असंख्य जोड़े अपने जीवन के नये सफर की शुरूआत करते हुए शासन को धन्यवाद देते है। केन्द्र और राज्य की सरकार के द्वारा आर्थिक और सामाजिक विकास को परिपूर्ण किया है, ऐसी योजनाएं बनी है जिससे हर वर्ग लाभान्वित हो। इसलिए सरकार के कार्यो की प्रशंसा की जानी चाहिये। मौसम दीदी ने वैवाहिक सफर आरंभ करने वाले सभी जोड़ों को आशिर्वाद प्रदान करते हुए उनके सुखद दाम्पत्य जीवन की कामना की।
*सकारात्मक संदेश देता है सामूहिक विवाह आयोजन-रामकिशोर कावरे*
भाजपा जिलाध्यक्ष एवं मरार माली महासभा के प्रदेशाध्यक्ष रामकिशोर कावरे ने अपने संबोधन में सामूहिक विवाह आयोजन को लेकर कहा कि यह कार्यक्रम केवल एक विवाह समारोह नहीं है, बल्कि समाज में समानता, सहयोग और एकता का प्रतीक है। पहले गरीब और जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में कई कठिनाइयाँ आती थी, कई बार संसाधनों के अभाव में विवाह रुक जाते थे। ऐसे समय में इस योजना ने उन परिवारों को सहारा देने का काम किया है। मध्य प्रदेश सरकार द्वारा शुरू की गई इस योजना का उद्देश्य है कि समाज के हर वर्ग को एक समान अवसर मिले और कम खर्च में गरिमामय विवाह संभव हो सके। इससे न केवल आर्थिक बोझ कम होता है, बल्कि समाज में एक सकारात्मक संदेश भी जाता है। श्री कावरे ने महिला सशक्तिकरण को लेकर भाजपा सरकार के नीतियों की प्रशंसा की और बताया कि केन्द्र सरकार द्वारा अब नारी शक्ति वंदन अधिनियम से लोकसभा और विधानसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण महिलाओं को दिया जा रहा है इसके लिये उन्होंने टोल फ्री नंबर पर मिस्ड कॉल देकर समर्थन किये जाने का आग्रह किया।
*इनकी रही उपस्थिति*
नपा तत्वावधान में हुये इस मुख्यमंत्री कन्या सामूहिक विवाह आयोजन में प्रमुख रूप से श्रीमती रेखा बिसेन, संजय मिश्रा, सत्यनारायण अग्रवाल, अनिल धुवारे, भाऊराम गाढ़ेश्वर, राकेश सेवईवार, रमाकांत डहाके, मीना चावड़ा, नपा सभापति समीर जायसवाल, वकील वाधवा, कमलेश पांचे, संगीता कावरे, पार्षद श्वेता सौरभ जैन, नरगिस खान, विनोद दीनू बसेने, गजेन्द्र भारद्वाज, विशाल मंगलानी के साथ ही खगेश कावरे, विनय बोपचे, मोनिल जैन, सुधीर गुड्डू चौधरी सहित मरारमाली महासभा राष्ट्रीय, प्रदेश एवं जिलास्तर के पदाधिकारी, स्वजातीय बंधु,
घराती एवं बारातियों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। सभी के द्वारा सभी जोड़ों को वैवाहिक बंधन में आबद्ध होने पर आशीर्वाद दिया गया। सामूहिक विवाह आयोजन में नगरपालिका परिषद बालाघाट के योजना शाखा सहित सभी विभागों के अधिकारी, कर्मचारियों का सराहनीय सहयोग रहा। मंच संचालन योगिता बापचे एवं जैनेन्द्र कटरे द्वारा किया गया वहीं उपस्थितों का आभार नपा उपाध्यक्ष योगेश बिसेन ने व्यक्त किया। विवाह संपन्न कराने के उपरांत भोजन कराकर विदाई गीतों के साथ वर-वधु को विदा किया गया।




