
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
मथुरा। वृंदावन में यमुना में डूबे पांच लोगों में से दो के शव रविवार सुबह मिले। एक युवक का शव हादसे की जगह से तीन किमी दूर अक्रूर घाट के पास मिला, वहीं एक महिला का शव देवरहा बाबा घाट के समीप मिला है। नाव हादसे में अब तक 13 श्रद्धालुओं की माैत हो चुकी है। तीन की तलाश अब भी जारी है। एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि रविवार सुबह यमुना नदी से एक युवक का शव बरामद हुआ है। उसकी पहचान ऋषभ शर्मा के रूप में हुई है। उसका शव हादसे की जगह से तीन किलोमीटर दूर अक्रूर घाट के पास मिला है। वहीं, एक महिला का शव देवरहा बाबा घाट के पास मिला है। महिला की पहचान 21 वर्षीय डिकी बंसल के रूप में हुई है। तीन लोग लापता हैं, उनकी तलाश में सर्च ऑपरेशन जारी है। सीओ मांट संदीप कुमार सिंह ने बताया कि अब केसी घाट से लेकर गोकुल बैराज तक यमुना को सात सेक्टरों में खोज अभियान शुरू होगा। स्थानीय गोताखोर, नाविक, पीएसी के गोताखोर, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें भी शामिल रहेंगी।आवश्यकता हुई तो सेना की भी मदद ली जाएगी। सुबह पांच बजे से अलग अलग घाटों पर अलग अलग टीमें तलाश करेंगी। एक घाट पर तीन से चार टीमों की लगाया जाएगा। देवरहा बाबा घाट और उसके आसपास के घाट पर विशेष नजर रहेगी। साथ ही आसपास के जनपदों को भी सूचित किया गया।



