अमरोहा
गैस किल्लत और अधिकारियों की अनदेखी से भड़के राष्ट्र सेवी संगठन के कार्यकर्ता

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा हसनपुर तहसील क्षेत्र के ग्राम बेगपुर मुंडा चौराहे पर राष्ट्र सेवी संगठन द्वारा आयोजित एक गोष्ठी में कार्यकर्ताओं ने स्थानीय प्रशासन और गैस एजेंसी की कार्यप्रणाली पर गहरा रोष व्यक्त किया। बैठक में दैनिक उपयोग और शादी-ब्याह के सीजन में रसोई गैस की भारी किल्लत का मुद्दा प्रमुखता से छाया रहा।अधिकारियों की बेरुखी से बढ़ा आक्रोश संगठन के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि हसनपुर गैस एजेंसी पर पिछले चार दिनों से गैस उपलब्ध नहीं है, जिससे आम जनता त्रस्त है। संगठन के मुरादाबाद मंडल संयोजक डॉ. रुमाल सिंह ने बताया कि जब उन्होंने समस्या के समाधान के लिए क्षेत्रीय पूर्ति निरीक्षक को फोन किया, तो उन्होंने फोन उठाना भी मुनासिब नहीं समझा। इसके पश्चात जब जिला पूर्ति अधिकारी से संपर्क किया गया, तो उन्होंने कई बार घंटी बजने के बाद फोन तो उठाया, लेकिन पूरी बात सुने बिना ही कॉल काट दी। राष्ट्रीय संयोजक कृष्ण कुमार शर्मा ने कहा कि गैस की समस्या अधिकारियों के गैर जिम्मेदाराना रवैए के चलते बनी हुई है।इस गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार से कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी है।
गोष्ठी में गैस संकट के अलावा शिक्षा के व्यवसायीकरण पर भी चिंता जताई गई। वक्ताओं ने कहा कि निजी स्कूलों द्वारा मनमाने दामों पर बेची जा रही महंगी किताबों के कारण गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के बच्चों के लिए शिक्षा दूर की कौड़ी साबित हो रही है। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जलियांवाला बाग हत्याकांड की बरसी पर शहीदों को दो मिनट का मौन रखकर भावभीनी श्रद्धांजलि भी अर्पित की।
इस अवसर पर मंडल संयोजक डॉ. रुमाल सिंह, आशाराम पाल, महेंद्र सैनी, बुद्धप्रकाश, देवेंद्र सैनी, जगराम सिंह, कुलदीप सिंह और ओम प्रकाश सैनी सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।



