गाजियाबाद
सरकार आने दो, हिसाब चुकता करूंगा लोनी नगरपालिका के जेई पर गुंडागर्दी का आरोप
सभासद ने उठाए बड़े सवाल

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : गाजियाबाद के लोनी नगरपालिका क्षेत्र से प्रशासनिक मर्यादा को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। वार्ड-30 जवाहर नगर के सभासद रुपेन्द्र चौधरी ने नगरपालिका में तैनात जे ई मनोज कुमार पर न केवल कार्य में लापरवाही, बल्कि खुलेआम अभद्रता और धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
सभासद द्वारा जिलाधिकारी को भेजे गए शिकायती पत्र में उल्लेख किया गया है कि जब वह 10 अप्रैल को जे ई मनोज कुमार से मिलकर अपने वार्ड में व्याप्त अवैध अतिक्रमण, जल निकासी की समस्या और घटिया निर्माण सामग्री के इस्तेमाल को लेकर शिकायत कर रहे थे तो जे ई मनोज कुमार इससे बौखला गए। आरोप है कि उन्होंने सभासद के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए धमकी दी, कि “तुम बड़ी शिकायत कर रहे हो, तुम्हारा इलाज करूंगा। 2027 में हमारी सरकार आने दो, तुझे सभासद बना दूंगा… तेरी सभी शिकायतों का हिसाब चुकता करूंगा।”
इतना ही नहीं, सभासद का कहना है कि पूर्व में भी शिकायत करने पर जेई ने गैर-जिम्मेदाराना लहजे में कहा था कि “मैंने जिंदगी भर का ठेका नहीं लिया है तुम्हारे निर्माण कार्यों का।”
एक जिम्मेदार पद पर बैठे अधिकारी की इस तरह की भाषा और रवैया न सिर्फ पद की गरिमा को ठेस पहुंचाता है, बल्कि पूरे प्रशासनिक तंत्र पर सवाल खड़े करता है। क्या एक सरकारी अधिकारी राजनीतिक धमकियों के सहारे अपना रौब झाड़ रहा है या वाकई सत्ता परिवर्तन के नाम पर डराने की कोशिश कर रहा है—यह अब बड़ा सवाल बन गया है।
स्थानीय स्तर पर यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। लोगों का कहना है कि जब जिम्मेदार अधिकारी ही इस तरह की भाषा का प्रयोग करेंगे, तो आम जनता न्याय की उम्मीद किससे करे।
सभासद ने जिलाधिकारी से मामले की उच्च स्तरीय जांच कर दोषी अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में कोई भी अधिकारी अपने पद की गरिमा को इस तरह तार-तार करने की हिम्मत न कर सके।
जब इस सम्बन्ध में फोन से जे ई मनोज कुमार से फोन द्वारा उनका पक्ष जानने का प्रयास किया तो उनका फोन नहीं मिला।


