शामली
दहेज के लिए विवाहिता से मारपीट, जान से मारने की धमकी
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
चौसाना। क्षेत्र के टोडा गांव से दहेज उत्पीड़न का मामला सामने आया है, जहां विवाहिता ने पति व ससुराल पक्ष पर मारपीट और 15 लाख रुपये की मांग का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से सुरक्षा की गुहार लगाई है।
पानीपत के नूरवाला निवासी सोमवती ने पुलिस अधीक्षक शामली को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उसकी शादी दो वर्ष पूर्व चौसाना क्षेत्र के टोडा निवासी विवेक कुमार के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद ही पति विवेक, सास शिमला, ननद स्वीटी व मीनू तथा ननदोई सतीश निवासी मंगलौरा हरियाणा उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे। आए दिन गाली-गलौच, मारपीट और घर से निकालने की धमकी दी जाती रही।
चार अप्रैल को सुबह करीब 10 बजे सास, ननदोई सतीश व एक अन्य व्यक्ति ने उसके साथ मारपीट की और 15 लाख रुपये लाने का दबाव बनाया। वहीं 12 अप्रैल की शाम पति विवेक व अन्य परिजन ने दोबारा धमकाते हुए रुपये की व्यवस्था न होने पर जान से मारने की चेतावनी दी।पीड़िता ने बताया कि उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका है, जिससे वह असहाय स्थिति में है। उसने पुलिस से अपनी जान-माल की सुरक्षा और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

