उधार के रुपये मांगने पर दुकानदार पर जानलेवा हमला, तीन भाई नामजद
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
कैराना। ग्राम भूरा में उधार के रुपये मांगना एक दुकानदार को भारी पड़ गया। दबंगों ने दिनदहाड़े दुकान पर धावा बोलकर गाली-गलौज की और विरोध करने पर चाकू व धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में दुकानदार गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बीच-बचाव करने आए उसके भाई को भी नहीं बख्शा गया।
ग्राम भूरा निवासी वसीम पुत्र जमील ने कोतवाली कैराना में तहरीर देकर बताया कि वह गांव में परचून की दुकान चलाता है। करीब दो माह पहले गांव के ही जुनेद, उमेर और सोनू पुत्रगण मिन्ना उसकी दुकान से लगभग 18,500 रुपये का सामान उधार ले गए थे। कई बार तकाजा करने के बावजूद आरोपी रुपये लौटाने में टालमटोल करते रहे। आरोप है कि 14 अप्रैल की सुबह करीब साढ़े आठ बजे तीनों आरोपी एक अज्ञात व्यक्ति के साथ उसकी दुकान पर पहुंचे और आते ही धमकाने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए चाकू व अन्य धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में वसीम की गर्दन, हाथ और पैरों पर गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे नदीम व अन्य ग्रामीणों ने किसी तरह बीच-बचाव कर उसकी जान बचाई। इसी दौरान वसीम का बड़ा भाई मुबारिक भी मौके पर पहुंचा, जिस पर भी हमलावरों ने हमला कर दिया। घटना के बाद घायल को उपचार के लिए भेजा गया। पीड़ित ने पुलिस से मेडिकल परीक्षण कराकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और उधार की रकम दिलाने की मांग की है। कोतवाली कैराना पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर तीनों भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है और जांच के बाद कठोर कार्रवाई की जाएगी।