जालौन
अक्षय तृतीया पर भगवान परशुराम जयंती की भव्य शोभा यात्रा 19 को
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
कालपी (जालौन)। अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर भगवान परशुराम जी की जयंती बड़े हर्षोल्लास के साथ 19 अप्रैल को मनाई जाएगी। इस अवसर पर नगर में भव्य शोभा यात्रा निकाली जाएगी तथा ठक्कर बापा इंटर कॉलेज परिसर में जयंती समारोह का आयोजन भी किया जाएगा। यह जानकारी ब्राह्मण महासभा के जिला अध्यक्ष राजू पाठक ने दी।
उन्होंने बताया कि शोभा यात्रा को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं और इसमें नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। शोभायात्रा में ग्रामीण अंचलों काफी संख्या में लोग आएंगे जिससे शोभा यात्रा में चार चांद लगेंगे। यात्रा में भगवान राम-जानकी दरबार एवं भगवान परशुराम जी की आकर्षक झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी, जिन्हें देखने के लिए लोगों में खासा उत्साह रहेगा। इसके अतिरिक्त शोभायात्रा में पांच भव्य रथ और तीन डीजे भी शामिल रहेंगे, जो पूरे माहौल को भक्तिमय और उत्सवमय बनाएंगे। यह शोभा यात्रा ठक्कर बापा इंटर कॉलेज से प्रारंभ होकर टरननगंज चैराहा, फुल पावर चैराहा, दुर्गा मंदिर चैराहा, कोतवाली, रेलवे स्टेशन और सर्राफा बाजार जैसे प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पुनः कॉलेज परिसर में पहुंचकर सम्पन्न होगी। पूरे मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा स्वागत की भी तैयारियां की जा रही हैं। आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी व्यवस्थाएं की जा रही हैं। साथ ही नगर व क्षेत्र के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर शोभायात्रा को सफल बनाने की अपील की गई।


