वज्रपात से युवक की दर्दनाक मौत, प्रशासन ने बढ़ाया मदद का हाथ
A young man died tragically due to lightning, the administration extended a helping hand.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। लिट्टीपाड़ा प्रखंड के सरसा हटिया में शनिवार को वज्रपात की चपेट में आने से 28 वर्षीय कार्तिक मंडल की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। बताया जाता है कि वह साप्ताहिक हाट में खरीदारी करने गए थे, तभी अचानक मौसम बदलने के साथ आकाशीय बिजली गिरने से यह हादसा हुआ। मृतक अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गए हैं, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की सूचना मिलने पर रविवार को प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अंचल अधिकारी संजय कुमार ने पीड़ित परिवार को आपदा राहत कोष से नियमानुसार सहायता राशि उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया और तत्काल राहत के रूप में अनाज भी मुहैया कराया। वहीं विधायक प्रतिनिधि रंजन साहा ने भी मानवीय पहल करते हुए आर्थिक सहयोग प्रदान किया। मौके पर अंचल निरीक्षक सुभाष बेसरा एवं राजस्व उप निरीक्षक अनिल पहाड़िया सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की अपील की है।



