गोड्डा

महात्मा हंसराज की जयंती, डीएवी स्कूल में गूंजे वैदिक मंत्र

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
महागामा। महागामा क्षेत्र के डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, ईसीएल ऊर्जानगर में महान शिक्षाविद, समाज सुधारक और आर्य समाज के प्रेरणास्रोत महात्मा हंसराज की जयंती श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में विद्यालय परिसर आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर नजर आया।जयंती समारोह की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन-यज्ञ से हुई। यज्ञ में विद्यालय परिवार, शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों ने भाग लेकर महात्मा हंसराज के आदर्शों को स्मरण किया। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में आध्यात्मिक चेतना, अनुशासन, संस्कार और नैतिक मूल्यों का विकास करना बताया गया।हवन के बाद आयोजित सभा को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि महात्मा हंसराज का संपूर्ण जीवन त्याग, सेवा और शिक्षा को समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि महात्मा हंसराज ने निःस्वार्थ भाव से समाज में शिक्षा का दीप जलाया और लाखों विद्यार्थियों के जीवन को दिशा दी प्रधानाचार्य ने कहा कि आज के दौर में महात्मा हंसराज के विचार और भी प्रासंगिक हैं। विद्यार्थियों को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर ईमानदारी, अनुशासन और समाज सेवा की भावना अपनानी चाहिए।कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने महात्मा हंसराज के जीवन पर आधारित विचार प्रस्तुत किए तथा उनके योगदान को याद किया। पूरे आयोजन में श्रद्धा और उत्साह का माहौल बना रहा। विद्यालय परिवार ने महात्मा हंसराज को नमन करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। महागामा क्षेत्र में इस आयोजन की काफी सराहना की जा रही है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button