बेतुल
बैतूल आमला-सारणी में सपा का सदस्यता अभियान शुरू
एक दिन में 50 से ज्यादा लोगों ने ली पार्टी की सदस्यता

संगठन विस्तार में 4 कार्यकर्ताओं को मिली नई जिम्मेदारी
1500 सदस्य जोड़ने का लक्ष्य
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। आमला-सारणी विधानसभा क्षेत्र में समाजवादी पार्टी ने अपना जनाधार मजबूत करने के लिए अभियान तेज कर दिया है। रविवार को विधानसभा अध्यक्ष दिनेश यदुवंशी के नेतृत्व में विशेष सदस्यता अभियान और जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किया गया।
अभियान की शुरुआत हरण्या स्थित राधा कृष्ण मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ हुई। दिनेश यदुवंशी ने प्रदेश की खुशहाली और संगठन की मजबूती की कामना करते हुए कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों को संबोधित किया। उनकी मौजूदगी में पार्टी की नीतियों से प्रभावित होकर एक ही दिन में 50 से अधिक लोगों ने सदस्यता ग्रहण की।
संगठन विस्तार के तहत 4 सक्रिय कार्यकर्ताओं को नियुक्ति पत्र जारी कर नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं। भूपेंद्र यादव को पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ का जिला सचिव बनाया गया, जगन्नाथ साकरे को एससी वर्ग आमला ब्लॉक अध्यक्ष और विक्की यादव को युवा जिला अध्यक्ष पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ की जिम्मेदारी दी गई। सभी कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दिलाया गया।
विधानसभा अध्यक्ष ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर देते हुए आगामी एक माह में 1500 नए सदस्य जोड़ने का लक्ष्य तय किया। उन्होंने कहा कि आमला-सारणी क्षेत्र में सपा एक विकल्प के रूप में उभर रही है।
पार्टी की आगामी रणनीति के तहत जल्द ही विशेष बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें जिला और ब्लॉक स्तर के पदाधिकारी शामिल होंगे। बैठक में स्थानीय जनसमस्याओं और चुनावी तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।



