
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा : आस्था, श्रद्धा और भक्ति के अनुपम संगम के बीच गोड्डा शहर के हटिया चौक स्थित माँ चैती दुर्गा मंदिर प्रांगण में ‘सहस्र चंडी महायज्ञ’ एवं ‘श्रीमद्भागवत कथा’ का भव्य शुभारंभ हुआ। पहले ही दिन आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। महायज्ञ की शुरुआत से पूर्व एक भव्य कलश शोभा यात्रा निकाली गई, जिसमें 551 महिलाओं एवं युवतियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पारंपरिक व केसरिया परिधानों में सजी महिलाएं सिर पर कलश लेकर जब नगर भ्रमण पर निकलीं, तो “जय माता दी” और “हर-हर महादेव” के जयकारों से पूरा शहर गूंज उठा। शोभा यात्रा मंदिर प्रांगण से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए शिवगंगा तालाब पहुंची। वहां वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विद्वान पंडितों द्वारा विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई तथा कलशों में पवित्र जल भरा गया। इसके पश्चात श्रद्धालु पुनः मंदिर प्रांगण लौटे, जहां कलश स्थापना के साथ महायज्ञ का विधिवत शुभारंभ किया गया।आयोजन समिति के अनुसार, आगामी नौ दिनों तक प्रख्यात कथा वाचकों द्वारा श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालु धर्म, ज्ञान और भक्ति का रसपान करेंगे। इस धार्मिक आयोजन को लेकर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। मंदिर समिति एवं स्थानीय युवाओं द्वारा आयोजन को सफल बनाने हेतु व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं की गई हैं। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि इस महायज्ञ से क्षेत्र में सुख-शांति, समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होगा।




