ललितपुर

रजवारा में 51 जोड़ों का सर्वजातीय सामूहिक विवाह सम्मेलन

सामाजिक समरसता की बनी मिसाल

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।

ललितपुर। जनपद मुख्यालय के समीपवर्ती ग्राम रजवारा में बुधवार को एक भव्य, ऐतिहासिक एवं समाज को एकता का संदेश देने वाला सर्वजातीय सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित किया गया। इस पुनीत आयोजन का नेतृत्व गंधर्व सिंह लोधी बाबूजी द्वारा किया गया, जिसमें गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के 51 वर-वधुओं का पूरे विधि-विधान एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह संपन्न कराया गया। कार्यक्रम स्थल पर उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। आकर्षक सजावट और सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं के बीच विवाह समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस सामूहिक विवाह के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सहारा मिला, वहीं समाज में समानता, सहयोग और भाईचारे का सशक्त संदेश भी प्रसारित हुआ। मुख्य अतिथि गंधर्व सिंह लोधी बाबूजी ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ-साथ अनावश्यक खर्चों पर नियंत्रण का माध्यम बनते हैं। उन्होंने कहा कि सामूहिक विवाह जैसी पहलें समाज के सभी वर्गों को जोडऩे का कार्य करती हैं और इसे निरंतर जारी रखा जाना चाहिए। कार्यक्रम के संयोजक सौरभ सिंह लोधी ने बताया कि यह आयोजन लगातार चौथी बार सफलतापूर्वक आयोजित किया गया है, जो क्षेत्रवासियों और सहयोगियों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। उन्होंने सभी आगंतुकों, समाजसेवियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजन जारी रखने का संकल्प दोहराया। इस अवसर पर कई गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रही, जिनमें पूर्व केन्द्रीय ग्रामीण विकास राज्यमंत्री भारत सरकार प्रदीप जैन आदित्य, पं. बालकृष्ण नायक, पं.सुनील शर्मा, जयेश बादल, सौरभ गोस्वामी पत्रकार, जिला पंचायत सदस्य अमर विश्वकर्मा घुटारी, जिला पंचायत सदस्य रामू कुशवाहा, ग्राम प्रधान रजवारा महेश राय, पं.जयप्रकाश तिवारी (पूर्व प्रधान), धनीराम सिंह राजपूत (पत्रकार), राजकुमार राजपूत (जुगपुरा), शशिकांत सिंह लोधी एड., देवसिंह लोधी (महेशपुरा), विक्रम सिंह (ठेकेदार), गजेन्द्र सिंह लोधी (नयागांव), जयपाल सिंह (गुरसौरा), शिशुपाल सिंह (बरौदा), रतीराम (पटौरा), बब्लू लोधी, बहादुर सिंह लोधी, पुष्पेंद्र सिंह लोधी (पत्रकार), बलराम सिंह लोधी सहित अनेक सामाजिक एवं राजनीतिक व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में ग्रामीणों एवं क्षेत्रवासियों की सहभागिता रही, जिससे आयोजन एक विशाल जनसमूह का रूप लेता दिखाई दिया। लोगों ने उत्साहपूर्वक इस सामाजिक पहल की सराहना करते हुए नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं दीं। अंत में आयोजकों द्वारा सभी अतिथियों, सहयोगियों एवं उपस्थित जनसमूह का हृदय से आभार व्यक्त किया गया। यह आयोजन ललितपुर ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र में सामाजिक एकता और सेवा भावना का प्रेरणादायक उदाहरण बनकर उभरा है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button