जालौन
अलमारी तोड़कर लाखों की नगदी व जेवरात चोरी, गांव में सनसनी
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
माधौगढ़ (जालौन)। माधौगढ़ कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अकबरपुरा में बीती रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए अलमारी तोड़कर लाखों रुपये की नगदी और जेवरात चोरी कर लिए। घटना से गांव में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अकबरपुरा निवासी मुलू सिंह पुत्र अभिलाख सिंह राजावत अपने परिवार के साथ घर में रहते हैं। उनके दोनों पुत्र रौनक सिंह (32 वर्ष) और रोहित सिंह (25 वर्ष) रोजी-रोटी के सिलसिले में बाहर रहते हैं। मंगलवार रात मुलू सिंह एक शादी समारोह में शामिल होकर करीब 1 बजे घर लौटे। उन्होंने अपना मोबाइल कमरे में चार्ज पर लगाया और बाहर बरामदे में सो गए। उस समय कमरे की स्थिति सामान्य थी। सुबह करीब 5 बजे जब उनकी पत्नी पुष्पा देवी सफाई के लिए कमरे में पहुंचीं तो वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। कमरे में रखी अलमारी टूटी हुई थी और सामान बिखरा पड़ा था। घटना की सूचना तुरंत डायल 112 और स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही माधौगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने संदेह के आधार पर गांव के ही तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूंछतांछ शुरू कर दी है। पीड़ित मुलू सिंह के अनुसार, अलमारी में करीब ढाई लाख रुपये नगद, लगभग 12 तोला सोने के जेवरात और चांदी की पायल रखी हुई थी, जिन्हें अज्ञात चोर चोरी कर ले गए। घटना देर रात करीब 2 बजे से सुबह 5 बजे के बीच की बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और जल्द ही घटना के खुलासे का दावा कर रही है।



