ललितपुर
सेमरा-गिल्टोरा के रामगढ़ धाम में गूंजी शहनाइयां
पटेल समाज के सामूहिक विवाह सम्मेलन में 12 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। हनुमानजी महाराज रामगढ़ धाम के पावन सानिध्य में सातवां सामूहिक पटेल कुर्मी क्षत्रिय आदर्श कन्या विवाह सम्मेलन अत्यंत भव्यता और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस मांगलिक अवसर पर कुल 12 जोड़ों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अग्नि के सात फेरे लेकर नव-दाम्पत्य जीवन में प्रवेश किया। कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाने के लिए क्षेत्र के कई दिग्गज राजनेता और सामाजिक कार्यकर्ता जुटे, जिन्होंने नवविवाहित जोड़ों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वरिष्ठ अतिथियों ने दिया आशीर्वाद सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित एमएलसी प्रतिनिधि आरपी निरंजन, अखिल भारतीय कुर्मी महासभा संरक्षक एलपी पटेल, और राज्य महिला आयोग की सदस्य अर्चना पटेल, रामस्वरूप पटेल और देवेंद्र पटेल ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अतिथियों ने सामूहिक विवाह को समाज की कुरीतियों को मिटाने वाला एक सराहनीय कदम बताया। इस अवसर पर पूर्व सपा जिलाध्यक्ष अल्हाप्रसाद निरंजन, जेडीयू की प्रदेश उपाध्यक्ष शालनी चौधरी, अपना दल (क) के महेंद्र पटेल और कुर्मी सेना के अध्यक्ष कमल पटेल ने भी अपने विचार साझा करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से न केवल फिजूलखर्ची रुकती है, बल्कि सामाजिक एकता को भी मजबूती मिलती है। सम्मेलन के अंत में अध्यक्ष बाबूलाल लम्बरदार ने पधारे हुए सभी अतिथियों, वर एवं वधु पक्ष के परिजनों और सहयोगियों का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समाज के सहयोग से ही यह पुनीत कार्य संभव हो पाया है। पूरा परिसर ढोल-नगाड़ों और मंगल गीतों से गुंजायमान रहा, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय और उत्सवपूर्ण बना रहा।
युवा पटेल वाहिनी का रहा विशेष योगदान
पूरे कार्यक्रम का सफल संचालन और प्रबंधन युवा पटेल वाहिनी के जिलाध्यक्ष सेठ सुजान पटेल की अध्यक्षता में किया गया। वाहिनी के पदाधिकारियों ने महीनों की मेहनत, तन-मन और धन से इस आयोजन को सफल बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। युवाओं के इस समर्पण की आए हुए अतिथियों और ग्रामीण क्षेत्रवासियों ने जमकर सराहना की। आयोजन के दौरान जहां युवा पटेल वाहिनी की ओर से प्रत्येक जोड़े को भगवान श्रीगणेश का स्मृति चिन्ह भेंट किया गया, वहीं कुर्मी सेना ने भी गृहस्थी शुरू करने के लिए उपहार प्रदान कर अपनी सहभागिता दर्ज कराई। इस दौरान संतोष पटेल सलैया, इंदर पटेल, हरिशंकर पटेल, संजय कुर्मी, नीलेश प्यासा, राहुल पटेल, राजा पटेल सदर, यश पटेल, कल्यान पटेल, जितेंद्र पटेल, शैलेश पटेल, विवेक पटेल सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।
