खैरथल

भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र में श्रमिकों का धरना तेज

सत्ता और सिस्टम श्रमिकों के शोषण का जुम्मेवार: बलराम यादव 

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
खैरथल-तिजारा : भिवाड़ी स्थित बीकेटी टायर कंपनी के बाहर वेतन बढ़ोतरी सहित विभिन्न मांगों को लेकर श्रमिकों का धरना लगातार जारी है। भीषण गर्मी के बीच चल रहे इस प्रदर्शन को अब राजनीतिक समर्थन भी मिलने लगा है। इसी कड़ी में कांग्रेस जिला अध्यक्ष बलराम यादव धरनास्थल पर पहुंचे और श्रमिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। धरने के दौरान बलराम यादव ने राज्य सरकार और संबंधित विभागों पर तीखा निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार और उसके विभाग उद्योगपतियों के साथ मिलकर श्रमिकों का शोषण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मजदूरों को उनके काम के अनुरूप वेतन नहीं मिल रहा है और सुविधाओं के नाम पर केवल खानापूर्ति की जा रही है। उन्होंने आगे कहा कि कागजों में इंटरनल कंप्लेंट कमेटी (ICC) का गठन दिखाया जाता है, लेकिन जमीनी स्तर पर इसका कोई प्रभाव नजर नहीं आता। इतना ही नहीं, आईसीसी कमेटी की अध्यक्ष पर ही महिला श्रमिकों द्वारा गंभीर आरोप लगाए गए हैं, जो पूरे सिस्टम पर सवाल खड़े करता है।

धरना होने पर ही क्यों जागते हैं जिम्मेदार?
बलराम यादव ने सवाल उठाते हुए कहा कि जब भी मजदूर धरना प्रदर्शन करते हैं, तभी कंपनी प्रबंधन और जिम्मेदार विभाग सक्रिय हो जाते हैं। ओवरटाइम डबल करने, खाने की गुणवत्ता सुधारने और मेडिकल सुविधाएं उपलब्ध कराने जैसे वादे किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि अगर ये सुविधाएं पहले से ही श्रमिकों का अधिकार हैं, तो इन्हें लागू करने के लिए धरने का इंतजार क्यों किया जाता है।
उन्होंने विशेष रूप से मेडिकल सुविधाओं की कमी को लेकर चिंता जताई और कहा कि स्थायी स्वास्थ्यकर्मी की व्यवस्था की बात अब की जा रही है, जबकि यह पहले से सुनिश्चित होना चाहिए था। कई श्रमिकों का आरोप है कि जरूरत पड़ने पर उचित इलाज नहीं मिलता और मामूली दवाइयों से काम चलाया जाता है।
जिम्मेदार विभागों पर कार्रवाई की मांग
बलराम यादव ने कहा कि जिन विभागों की जिम्मेदारी श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा करना है, अगर वही अपनी भूमिका नहीं निभा रहे हैं तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने श्रमिकों की सभी मांगों को जायज बताते हुए सरकार से जल्द ठोस कदम उठाने की मांग की, ताकि श्रमिकों का शोषण रोका जा सके।
वहीं, श्रमिक अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं और स्पष्ट कर चुके हैं कि जब तक वेतन बढ़ोतरी और अन्य मांगे नहीं मानी जाएंगे तब तक धरना चलता रहेगा इस दौरान शकील अहमदपुर जिला पार्षद मास्टर खुर्शीद खान मंडल अध्यक्ष मौसम खान आसिफ खान साहून खान सिद्धांत शर्मा सुनील गुर्जर जाकिर खान सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button