गाजियाबाद
श्यामलता मेमोरियल इंटर कॉलेज में पृथ्वी दिवस पर रचनात्मकता और पर्यावरण जागरूकता की झलक

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : श्यामलता मेमोरियल इंटर कॉलेज में बुधवार को पृथ्वी दिवस बड़े उत्साह और जागरूकता के साथ मनाया गया। इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना था।
कार्यक्रम के अंतर्गत पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें छात्रों ने बेकार और अपशिष्ट सामग्री का उपयोग कर आकर्षक पोस्टर तैयार किए। इन पोस्टरों के माध्यम से “रीयूज़” और “रीसायकल” का संदेश प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। इसके साथ ही एक सशक्त नाटक के जरिए प्रकृति के प्रति मानव की लापरवाही के दुष्परिणामों को दर्शाया गया, जिसने सभी को सोचने पर मजबूर कर दिया।इस अवसर का मुख्य आकर्षण “ट्रैशन शो” रहा, जिसमें विद्यार्थियों ने कागज, प्लास्टिक और अन्य अपशिष्ट वस्तुओं से बनाए गए परिधानों में रैंप वॉक कर अपनी रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया और खूब सराहना बटोरी।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। साथ ही छात्र परिषद के नेतृत्व में सभी विद्यार्थियों ने पृथ्वी संरक्षण का संकल्प भी लिया।शिक्षकों ने प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें पर्यावरण के प्रति सतर्क और जिम्मेदार बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन छात्रों को स्वच्छ और हरित भविष्य की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।इस मौके पर विद्यालय का समस्त स्टाफ, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।


