बरेली
अब गांवों में भी होगी स्मार्ट पढ़ाई, 56 डिजिटल लाइब्रेरी तैयार

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। जिले की 199 ग्राम पंचायतों में से 56 में डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित करने का काम लगभग पूर्ण हो गया है। लाइब्रेरी में एनबीटी के साथ ही अन्य प्रकाशकों की किताबें आ चुकी हैं। फर्नीचर की भी सप्लाई हो चुकी है। जल्द ही इनका विधिवत शुभारंभ हो जाएगा। सैदूपुर कुर्मियान में लाइब्रेरी चालू भी हो गई है। ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को अक्सर लाइब्रेरी की कमी से जूझना पड़ता है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को इसकी सबसे ज्यादा कमी खलती है। डिजिटल लाइब्रेरी से युवाओं को बड़ा लाभ मिलेगा। इंटरनेट, ई-बुक्स, ऑनलाइन कोर्स और आधुनिक शैक्षणिक संसाधनों तक युवाओं की पहुंच आसान होगी।
उन्हें पढ़ाई के लिए शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। इससे समय और धन दोनों की बचत होगी। पहले चरण में 199 ग्राम पंचायतों में लाइब्रेरी की स्थापना होनी है। इनमें से 56 लाइब्रेरी में किताबें पहुंच चुकी हैं। प्रति लाइब्रेरी 1.80 लाख की किताबें भेजी गई हैं। इनमें से 90 हजार रुपये की किताबें एनबीटी से और 90 हजार अन्य प्रकाशकों से लेनी थी। आगे चलकर 20 हजार रुपये का डिजिटल कंटेंट भी लिया जाएगा। सभी लाइब्रेरी में दो-दो लाख रुपये का फर्नीचर जाना है। 1.30 लाख रुपये के फर्नीचर की सप्लाई यूपीडेस्को को करना है। यूपीडेस्को से अभी फर्नीचर नहीं आया है। 70 हजार रुपये से स्थानीय स्तर पर फर्नीचर खरीदना है। 56 लाइब्रेरी में स्थानीय स्तर पर फर्नीचर की सप्लाई हो चुकी है। पुस्तकालयों में डेस्कटॉप कंप्यूटर, एलईडी, मल्टी फंक्शन प्रिंटर, यूपीएस, नेटवर्किंग स्विच, वेबकैम आदि भी रहेंगे।जल्द ही सभी लाइब्रेरी को संचालित करने की योजना है। यह पहल उन युवाओं के लिए वरदान साबित होगी, जो संसाधनों की कमी के कारण अपनी पढ़ाई और कौशल विकास में पीछे रह जाते थे। उपरोक्त जानकारी- कमल किशोर, डीपीआरओ ने दी है !



