बागपत

बड़ौत में पृथ्वी दिवस पर स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश

उत्कृष्ट वार्ड हुए सम्मानित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बड़ौत/बागपत : नगर पालिका परिषद बड़ौत एवं आईटीसी मिशन सुनहरा कल के संयुक्त तत्वावधान में उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार पृथ्वी दिवस के अवसर पर एक भव्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन नगर क्षेत्र के पी.एन. शर्मा पार्क में किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और बच्चों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।
कार्यक्रम का संचालन नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष बबीता तोमर और अधिशासी अधिकारी के मार्गदर्शन में हुआ। इस दौरान सफाई एवं खाद्य निरीक्षक वीरेंद्र कुमार तेवतिया, स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर मीनाक्षी सिसोदिया, स्वास्थ्य लिपिक यशस्विनी सहित अन्य अधिकारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के अंतर्गत “सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट 2026” की गाइडलाइन पर आधारित एक दिवसीय गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए कचरा प्रबंधन के आधुनिक तरीकों पर विस्तार से चर्चा की गई। जनप्रतिनिधियों और उपस्थित नागरिकों को गीले और सूखे कचरे के पृथक्करण, रिसाइक्लिंग और कचरे के सही निस्तारण के बारे में जानकारी दी गई।
स्वच्छ वार्ड प्रतियोगिता के अंतर्गत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले वार्डों को सम्मानित किया गया। साथ ही स्वच्छता अभियान में विशेष योगदान देने वालों को स्वच्छता प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया, जिनमें मीनाक्षी सिसोदिया (स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर), मंजू शर्मा (स्वच्छता चैंपियन), स्वच्छ वातावरण प्रोत्साहन समिति के सदस्य, स्वच्छ सारथी क्लब के बच्चे तथा आईटीसी मिशन सुनहरा कल के अर्बन कोऑर्डिनेटर सुनील कुमार शामिल रहे।
पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पार्क परिसर में पौधारोपण भी किया गया। इस दौरान अध्यक्ष बबीता तोमर ने बच्चों और उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि पृथ्वी को बचाने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। उन्होंने एकल उपयोग प्लास्टिक के प्रयोग से बचने, जल संरक्षण, ऊर्जा बचत और स्वच्छता अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित लोगों को पृथ्वी एवं जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई। बच्चों को विशेष रूप से पर्यावरण के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें स्वच्छता और हरित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर वरुण, वीरेंद्र कुमार तेवतिया, रिशांत भारद्वाज, यशस्विनी, सुनील कुमार, मीनाक्षी सिसोदिया, मंजू शर्मा, पिंकी, राम, सोनू, मोहित शर्मा सहित स्वच्छ सारथी क्लब के सभी बच्चे एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम ने न केवल स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाई, बल्कि समाज में पर्यावरण संरक्षण की भावना को भी मजबूत किया।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button